
राजनांदगांव। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सोमनी पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 700 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 35 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में जिलेभर में नशे और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली कि ग्राम इंदावानी चौक जीई रोड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के सामने एक युवक अवैध रूप से गांजा बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रवीण साहू पिता खुमान साहू, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम अंजोरा बाबाकुटी चौक, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद बैग से 700 ग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव, सहायक उप निरीक्षक चैतुराम आर्य, प्रधान आरक्षक हेमंत अनंत, डूलेश्वर साहू, आरक्षक तुषार मरकाम, मनोज हरमुख सहित थाना सोमनी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










































