बारिश की चिंता हुई दूर, प्रधानमंत्री आवास योजना ने सुखदेव के परिवार को दिया सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन…

मोहला 8 जुलाई 2026। हर परिवार का सपना होता है कि उसके सिर पर एक सुरक्षित और मजबूत छत हो, जहाँ वह निश्चिंत होकर अपने भविष्य के सपने संजो सके। मानपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत मरकेली निवासी श्री सुखदेव निषाद के परिवार का यह सपना वर्षों तक अधूरा रहा।

सीमित आय और आर्थिक तंगी के कारण वे जर्जर कच्चे खपरैल मकान में रहने को मजबूर थे। हर वर्ष बरसात का मौसम उनके लिए नई परेशानियाँ लेकर आता था। लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके जीवन में ऐसा बदलाव लाया कि अब उनका परिवार सुरक्षित, सम्मानपूर्वक और आत्मविश्वास के साथ जीवन व्यतीत कर रहा है।


श्री सुखदेव निषाद कृषि कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी पत्नी श्रीमती जानकी निषाद बताती हैं कि परिवार का कच्चा मकान मुख्य सड़क के किनारे होने के कारण बारिश के दिनों में सड़क का पानी सीधे घर में भर जाता था।

पूरी रात परिवार के सदस्यों को जागकर पानी बाहर निकालना पड़ता था। घर की दीवारों में सीलन बनी रहती थी और बरसात के दौरान मकान के गिरने का भय भी हमेशा बना रहता था। उनकी पुत्री नंदिनी निषाद बताती हैं कि बारिश के दिनों में पढ़ाई करना बेहद कठिन हो जाता था। कई बार किताबें और जरूरी सामान भी भीग जाते थे।


श्रीमती निषाद कहती हैं कि सुरक्षित पक्के घर का सपना उनकी आर्थिक स्थिति के कारण कभी पूरा होता दिखाई नहीं देता था। ऐसे समय में वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उन्हें पक्का आवास स्वीकृत हुआ।

योजना की सहायता से बना नया घर उनके परिवार के लिए केवल ईंट और सीमेंट का ढांचा नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और नए जीवन का आधार बन गया। पहले हर बारिश डर और चिंता लेकर आती थी। रातभर घर में पानी भरने की आशंका बनी रहती थी।

अब पक्का घर मिलने के बाद वह डर पूरी तरह खत्म हो गया है। हमारी बेटी की पढ़ाई भी बिना किसी बाधा के हो रही है।


श्री सुखदेव निषाद एवं उनके परिवार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके जीवन में खुशियों की नई शुरुआत की है। आज उनका परिवार सुरक्षित घर में सम्मानपूर्वक रह रहा है।