राजनांदगांव: कोचिंग सेंटर संचालकों को दिया गया अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण, आपात स्थिति से निपटने की जानकारी…

राजनांदगांव, 30 जून। जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, नगर सेना जिला राजनांदगांव के अग्निशमन कार्यालय में शहर के विभिन्न कोचिंग सेंटरों के संचालकों के लिए अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण का संचालन फायर स्टेशन प्रभारी इमाम बेग के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान फायरमैन पुमेश कुमार शोरी, राजेश कुमार सिन्हा एवं तरुण कुमार साहू ने प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार की आग की पहचान, प्रारंभिक अवस्था में आग बुझाने के प्रभावी तरीके तथा अग्निशामक उपकरणों के सुरक्षित एवं सही उपयोग की विस्तृत जानकारी दी।

प्रशिक्षकों ने आपातकालीन परिस्थितियों में घबराने के बजाय त्वरित एवं सुरक्षित कार्रवाई करने के उपाय बताए। साथ ही अग्निशामक यंत्रों के संचालन का व्यावहारिक प्रदर्शन (फायर डेमो) भी कराया गया, जिससे उपस्थित लोगों ने आग बुझाने की प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझा।

कार्यक्रम में कार्यालयीन स्टाफ, शहर के विभिन्न कोचिंग सेंटरों के संचालक एवं मीडिया प्रतिनिधियों सहित लगभग 60 लोगों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं और भविष्य में अपने संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन करने का संकल्प लिया।