
राजनांदगांव जिले की सुरगी पुलिस ने कानून एवं शांति व्यवस्था भंग करने वाले दो युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों पर नशे की हालत में ग्रामीणों से विवाद और झगड़ा करने का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस चौकी सुरगी को ग्राम कोटराभाठा के ग्रामीणों से शिकायत मिली कि हिमांशु साहू और शनि कंवर नशे की हालत में गांव में लोगों से विवाद और झगड़ा कर शांति व्यवस्था प्रभावित कर रहे हैं।
शिकायत मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। पूछताछ के दौरान पाया गया कि दोनों युवक नशे के आदी हैं और अक्सर नशे की हालत में ग्रामीणों के साथ विवाद करते हैं, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगड़ने और संज्ञेय अपराध होने की आशंका बनी हुई थी।
इसके बाद पुलिस ने हिमांशु साहू और शनि कंवर को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया तथा धारा 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए माननीय कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी होने के बाद दोनों आरोपियों को जिला जेल, राजनांदगांव भेज दिया गया।
राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










































