back to top

सेवा संकल्प अभियान के तहत खड़खड़ी में कलस्टर स्तरीय शिविर आयोजित…

मोहला । शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ ग्रामीणों तक सीधे पहुंचाने, ग्रामीणों की मांगों एवं समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखण्ड अंबागढ़ चौकी के ग्राम खड़खड़ी में आज कलस्टर स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं, सेवाओं एवं हितग्राहीमूलक कार्यक्रमों की जानकारी देने के साथ मौके पर ही आवेदन प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही की गई।


खड़खड़ी में आयोजित इस कलस्टर स्तरीय शिविर में विचारपुर, चिल्हाटी, कोरचाटोला, मिरचे, मुड़पार, टाटेकसा, खुर्सीटिकुल, ओटेबांधा, पेंदलकुही, कुसुमकसा, झिटिया, खड़खड़ी, तिरपेमेटा एवं हालमकोड़ो ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया। इन ग्राम पंचायतों से जुड़े ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्राप्त किया।


कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम उपस्थित हुईं। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर कलेक्टर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता देने की बात कही।


शिविर में सभी विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों ने इन विभागों से संबंधित अपनी मांगों एवं आवश्यकताओं के आवेदन शिविर में प्रस्तुत किए। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा योजना स्वीकृति आदेश, समूह बैंक ऋण स्वीकृति पत्र, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय स्वीकृति आदेश, मनरेगा जॉब कार्ड, आर-सेटी राजमिस्त्री प्रशिक्षण के उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र, आवास पूर्णता प्रमाण-पत्र एवं चाबी, लखपति दीदी प्रशस्ति पत्र, पेंशन स्वीकृति आदेश तथा राशन कार्ड वितरित किए गए।


इसी प्रकार शिक्षा विभाग द्वारा छात्रवृत्ति प्रमाण-पत्र, आदिवासी विकास विभाग द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र, विद्युत विभाग द्वारा पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित स्वीकृति एवं लाभ, राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व पट्टा, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड तथा कृषि विभाग द्वारा मृदा स्वास्थ्य परीक्षण पत्रक एवं नलकूप खनन पंजीयन प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर जनपद पंचायत चौकी अध्यक्ष श्री पुनाऊ राम फूलकावरे स्थानीय सभी जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित रहे।


उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में शासन-प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से ग्रामीणों को अपने गांव में ही विभिन्न शासकीय विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता न हो और उनकी मांगों एवं समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

Advertisements

You cannot copy content of this page