
राजनांदगांव/डोंगरगांव। मोटरसाइकिल चोरी के मामले में डोंगरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 Y 4603 जब्त की है।
पुलिस के अनुसार ग्राम बरगांव निवासी लुलेश कुमार निषाद (33) ने 2 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 सितंबर को उसने अपनी मोटरसाइकिल साहू वेल्डिंग दुकान, चौकी रोड के पास खड़ी की थी और कृषि उपज मंडी गया था। वापस लौटने पर मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली।
रिपोर्ट के बाद थाना डोंगरगांव में अपराध दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदेही बीनू विश्वकर्मा उर्फ विनोद विश्वकर्मा (30), निवासी कॉलेज रोड, वार्ड क्रमांक 10, डोंगरगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया और चोरी की बाइक को अपने घर के आंगन में छिपाकर रखना बताया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर विधिवत जब्त कर ली। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई के लिए एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख और आरक्षक हेमंत सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











































