back to top

राजनांदगांव: सेवा की कहानी…

राजनांदगांव 06 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना श्री श्रवण साहू के लिए केवल घर की छत पर सोलर पैनल लगाने की योजना नहीं, बल्कि बढ़ते बिजली बिल के बोझ से राहत और परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने का एक मजबूत माध्यम बन गई है।

डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम मुसराखुर्द निवासी श्री श्रवण साहू कृषि-मजदूरी का कार्य करते हैं। सीमित आय के बीच हर महीने आने वाला बिजली बिल उनके घरेलू बजट पर अतिरिक्त भार डालता था। सामान्य दिनों में लगभग 1200 रूपए और गर्मी के मौसम में करीब 2 हजार रूपए तक बिजली बिल आने से उन्हें परेशानी होती थी। ऐसे समय में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने उनके परिवार के लिए उम्मीद की नई किरण जगाई। ग्राम पंचायत में आयोजित सूर्य सभा के माध्यम से उन्हें योजना की जानकारी मिली।

योजना के लाभ और सोलर पैनल लगाने पर मिलने वाली सब्सिडी के बारे में जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपने घर की छत पर 3 किलोवॉट का सोलर पैनल लगवाने का निर्णय लिया।


श्री साहू बताते हैं कि सोलर पैनल लगाने के बाद अब उनके घर का बिजली बिल शून्य हो गया है। पहले बिजली बिल के लिए हर महीने अलग से राशि निकालनी पड़ती थी, लेकिन अब वही राशि बच रही है। इस बचत का उपयोग वे परिवार की अन्य घरेलू जरूरतों को पूरा करने में कर रहे हैं।

उनके लिए यह बचत केवल कुछ रूपयों की नहीं, बल्कि सीमित आय में परिवार की जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा करने का सहारा बन गई है। सोलर पैनल लगवाने में शासन की आर्थिक सहायता ने भी उनका हौसला बढ़ाया। उन्हें केन्द्र शासन की ओर से 78 हजार रूपए तथा राज्य शासन की ओर से 30 हजार रूपए की सब्सिडी मिली।

इस प्रकार उन्हें कुल 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी का लाभ मिला। इसके साथ ही बैंक से आसान किस्तों में राशि उपलब्ध होने से सोलर पैनल लगवाना उनके लिए और भी सरल हो गया।


आज श्री श्रवण साहू के घर की छत पर लगा सोलर पैनल स्वच्छ और हरित ऊर्जा का स्रोत बनने के साथ ही उनके परिवार के लिए आर्थिक बचत का माध्यम भी बन गया है। बिजली बिल के खर्च से मिली राहत से उनके परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है।

श्री साहू ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से उनके परिवार को मिली इस आर्थिक राहत के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।

Advertisements

You cannot copy content of this page