
मोहला। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजनों तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिले में लगातार सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में विकासखंड अंबागढ़ चौकी के ग्राम आमाटोला में ‘‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’’ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उन्हें शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर लाभान्वित किया।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांग, शिकायत एवं समस्याओं को सुना तथा अनेक मामलों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया। विभागीय अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता, प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
जनप्रतिनिधियों ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों तथा विकसित भारत 2047 के विजन के संबंध में भी ग्रामीणों को जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी मांगों, समस्याओं एवं आवश्यकताओं को शिविर में उपस्थित अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उनका नियमानुसार त्वरित निराकरण किया जा सके।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम, जनपद पंचायत चौकी अध्यक्ष श्री पुनाऊ राम फूलकावरे, जनप्रतिनिधि श्री दिलीप वर्मा, सभी स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, सरपंच-सचिव तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर विभिन्न योजनाओं का लाभ एवं आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए गए।
- हितग्राहियों को वितरित किए गए विभिन्न योजनाओं के लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से संबंधित लाभ एवं आवश्यक दस्तावेज प्रदान किए गए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रशस्ति पत्र, आवास की चाबी, पेंशन स्वीकृति आदेश एवं बैंक लिंकेज चेक सहित अन्य सामग्री प्रदान की गई। विद्युत विभाग द्वारा पीएम सूर्य घर योजना से संबंधित प्रमाण पत्र, राजस्व विभाग द्वारा डिजिटल किसान किताब तथा शिक्षा विभाग द्वारा छात्रवृत्ति आदेश हितग्राहियों को प्रदान किए गए।
- वरिष्ठ नागरिकों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग द्वारा सियान मितान सप्ताह के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को शाल, श्रीफल एवं छाता प्रदान कर सम्मानित किया गया। वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान से उनमें उत्साह और आत्मीयता का भाव देखने को मिला। सेवा सेतु शिविर ग्रामीणों के लिए शासकीय योजनाओं की जानकारी, सेवाओं की उपलब्धता और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
- नमो सेवा गाथा’ ने दी योजनाओं की जानकारी
शिविर में ‘‘नमो सेवा गाथा’’ कला जत्था के कलाकारों द्वारा मंचीय कार्यक्रम के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी रोचक एवं मनोरंजक तरीके से प्रस्तुत की गई। गीत, संवाद एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई। ग्रामीणों ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक देखा और शासन की योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।











































