back to top

राजनांदगाँव : नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोपी गिरफ्तार, बालिका सकुशल बरामद…

राजनांदगांव। पुलिस चौकी चिचोला, थाना छुरिया पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार 3 अक्टूबर को बालिका की मां ने चौकी चिचोला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री 2 अक्टूबर की सुबह करीब 11:30 बजे से लापता है।

परिजनों द्वारा रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई गई थी। मामले में अपराध क्रमांक 190/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को 5 अक्टूबर को सूचना मिली कि नाबालिग ग्राम खपरीकला निवासी पुनीत यादव (21 वर्ष) के घर पर है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बालिका को सकुशल बरामद किया। पूछताछ में आरोपी द्वारा बालिका को मोटरसाइकिल से अपने घर ले जाने और उसके साथ छेड़छाड़ करने की बात सामने आई।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 ML 9817 और मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी पुनीत यादव को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।

Advertisements

You cannot copy content of this page