
शराब के नशे में वाहन चलाने पर रोक लगाने नियमित जांच व यातायात चेकिंग की मांग
खैरागढ़। ग्राम ठेलकाडीह में सड़क हादसे में शासकीय प्राथमिक शाला ठेलकाडीह की शिक्षिका श्रीमती किरण तिवारी की मौत के बाद जिले में नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठी है।
इस संबंध में समस्त शिक्षक साथियों एवं नागरिकगण, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की ओर से पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच और दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया है कि 5 अक्टूबर 2026 को शासकीय प्राथमिक शाला ठेलकाडीह की शिक्षिका किरण तिवारी बस का इंतजार कर रही थीं।
इसी दौरान एक ईको वाहन के चालक द्वारा कथित रूप से शराब के नशे में वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी गई। हादसे में शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद कुछ बच्चों को भी चोटें आईं।
शिक्षक साथियों ने कहा कि नशे में वाहन चलाना केवल यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले प्रत्येक नागरिक के जीवन के लिए गंभीर खतरा है।
कुछ मिनटों की लापरवाही किसी परिवार की पूरी जिंदगी बदल सकती है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि सड़क पर नागरिकों, शिक्षकों और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
पुलिस से रखी गई ये मांगें
ज्ञापन के माध्यम से दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर वाहन चालक के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई, शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने वालों की नियमित एवं सघन जांच, स्कूलों, बस स्टैंड, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष नशा जांच व यातायात चेकिंग अभियान चलाने की मांग की गई है।
इसके अलावा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा बार-बार नशे में वाहन चलाने एवं गंभीर यातायात उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रचलित कानून के अनुसार सख्ती बरतने की मांग की गई है। आम नागरिकों और वाहन चालकों के बीच “नशे में वाहन नहीं चलाएं” को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का भी आग्रह किया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि सड़क पर हर जिंदगी अनमोल है और नशे में वाहन चलाना जिंदगी से खिलवाड़ है। शिक्षकों एवं नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ आवश्यक कार्रवाई करते हुए भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की उम्मीद जताई है।











































