
14 दिनों के भीतर पुलिस ने किया चोरी का खुलासा, आरोपियों से 1.35 लाख रुपये का मशरूका बरामद
राजनांदगांव। जिले के घुमका थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना घुमका पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घटना के 14 दिनों के भीतर मामले का खुलासा किया।
आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 25 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 60 हजार रुपये है, सहित कुल 1 लाख 35 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छोटे टेमरी निवासी देवशरण साहू 17 अक्टूबर की रात परिवार के साथ गांव में आयोजित कार्यक्रम देखने गए थे।
वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के कमरे और आलमारी का ताला टूटा हुआ था। आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी रकम गायब थी। पीड़ित की शिकायत पर घुमका थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 137/2026 के तहत धारा 303(2), 331(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में थाना घुमका और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के साथ ही तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य जुटाए। संदेह के आधार पर स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, जिसमें चोरी की वारदात में चार लोगों की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने आर्थिक लाभ के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी के बाद सोने-चांदी के आभूषण और नकदी रकम का आपस में बंटवारा भी किया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश कुमार यादव (24), तामेश्वर पटेल (32) और लोकेश्वर साहू (30), तीनों निवासी छोटे टेमरी तथा इमरान खान (39), निवासी गोपालपुर, थाना घुमका शामिल हैं। चारों आरोपियों को 1 नवंबर को गिरफ्तार कर विधिवत वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय राजनांदगांव में रिमांड के लिए पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामले में चोरी के अन्य सामान की बरामदगी और आरोपियों की मदद करने वाले लोगों के संबंध में जांच जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अब्दुल समीर सहित घुमका थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।










































