
अर्पण महोत्सव के रूप में मनाया जन्मदिन, अस्पताल में मरीजों को बांटे फल और किया पौधरोपण
केराकत। भाजपा के पूर्व विधायक दिनेश चौधरी ने अपना जन्मदिन अनोखे अंदाज में मनाते हुए सेवा और सम्मान का संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान से प्रेरित होकर उन्होंने अपने जन्मदिन को ‘अर्पण महोत्सव’ के रूप में मनाया।
इस दौरान केराकत नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों का सम्मान किया और उनके पैर धोकर, तिलक लगाकर तथा आरती उतारकर उनका अभिनंदन किया। महिला सफाई कर्मचारियों को साड़ियां भेंट कीं। इसके बाद उनके साथ केक काटा और बैठकर भोजन किया।
कार्यक्रम में सफाई कर्मचारियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। कर्मचारियों ने कहा कि सार्वजनिक रूप से उन्हें इस तरह सम्मानित करने का अनुभव उनके लिए खास है।
उन्होंने इस पहल पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि की ओर से मिला यह सम्मान उनके लिए यादगार रहेगा।
इसके बाद पूर्व विधायक दिनेश चौधरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती मरीजों को फल वितरित किए। उन्होंने पौधरोपण भी किया और स्वच्छता के संकल्प को दोहराते हुए साफ-सफाई में सहभागिता निभाई।
समर्थकों ने दी जन्मदिन की बधाई
पूर्व विधायक के जन्मदिन पर समर्थकों और शुभचिंतकों की बड़ी संख्या में भीड़ जुटी। लोगों ने फूल-मालाओं और बुके भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा सामूहिक रूप से केक काटकर जन्मदिन मनाया। इस दौरान समर्थकों ने नारे लगाकर उत्साह जताया।
दिनेश चौधरी ने कहा कि उनके शुभचिंतक और समर्थक ही उनकी ताकत हैं। आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें लोगों के प्यार और आशीर्वाद का बड़ा योगदान है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि उन्हें लोगों का स्नेह और आशीर्वाद हमेशा मिलता रहे।
कार्यक्रम में केराकत भाजपा अध्यक्ष मिथिलेश गिरी, थानागद्दी अध्यक्ष योगेश मिश्रा, जिला मंत्री हरिराम पाल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष विजेश सिंह, पूर्व जिला मंत्री महेंद्र प्रजापति, ब्लॉक प्रमुख डोभी प्रतिनिधि प्रवीण सिंह बबलू, वीना सिंह रघुवंशी, केराकत नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गोलू जायसवाल, रणजीत सिंह, पवन चौहान सहित बड़ी संख्या में समर्थक एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे।












































