
राजनांदगांव 3 नवम्बर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने आगामी धान खरीदी की तैयारियों को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को विशेष सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अगले सात दिन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इस अवधि में सभी आवश्यक तैयारियां प्राथमिकता से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
उन्होंने सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं जनपद पंचायत सीईओ को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए धान खरीदी की तैयारियों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी के संबंध में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में किसानों के दस्तावेजों एवं आवश्यक जानकारियों का सत्यापन गंभीरता से किया जाए।
पिछले वर्ष धान विक्रय के दौरान जिन किसानों को किसी प्रकार की समस्या हुई थी, उनसे संपर्क कर उनकी समस्याओं का पहले ही निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे किसानों की जानकारी संबंधित एसडीएम एवं तहसीलदारों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी केन्द्रों में किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी अधिकारी अगले सात दिनों में आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर लें, जिससे खरीदी प्रारंभ होने के बाद किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं हो।
कलेक्टर ने सीमावर्ती क्षेत्रों से अवैध धान परिवहन की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से महाराष्ट्र सीमा से लगे क्षेत्रों में अवैध धान परिवहन की संभावनाओं को देखते हुए सतर्कता बढ़ाने तथा आवश्यक स्थानों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने कहा। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में एआई आधारित आधुनिक कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को राइस मिलों का सघन निरीक्षण करने तथा धर्मकांटों की अनिवार्य रूप से जांच करने कहा। उन्होंने धर्मकांटों में तौल की शुद्धता जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निरीक्षण एवं जांच कार्य पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करने कहा।
कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में लगे सभी सर्वेयरों की लंबित राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को खरीफ फसल के बाद रबी मौसम में धान के स्थान पर कम पानी की आवश्यकता वाली वैकल्पिक फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने कहा।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जिले के ग्राम खैरा में सभी 141 घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित होने की उपलब्धि पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए जिला पंचायत, जनपद पंचायत, विद्युत विभाग, बैंक अधिकारियों एवं योजना के क्रियान्वयन में सहयोग करने वाले कर्मचारियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास एवं बेहतर समन्वय से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। कलेक्टर ने अन्य ग्रामों को भी शत-प्रतिशत सोलरयुक्त बनाने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए व्यापक जनजागरूकता बढ़ाने कहा।
उन्होंने कहा कि यह योजना आम नागरिकों के बिजली व्यय को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। जिले में अब तक 8 हजार 135 हितग्राहियों द्वारा सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। जिससे हितग्राही स्वयं ऊर्जादाता बन चुके हैं। नागरिकों को इस योजना से लाभान्वित करने के लिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अब तक 16 हजार 167 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने शेष आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने राजनांदगांव शहर के निर्माणाधीन स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्माणाधीन अंडरब्रिज से लगे ओवरब्रिज की जांच करने तथा आवागगन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने कहा। कलेक्टर ने स्वीकृत निर्माण कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने एवं प्रगतिरत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्य पूर्ण कर चुके ठेकेदारों के लंबित भुगतान का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा।
सीईओ जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने सीएम जनदर्शन, सीएम हेल्पलाइन, पीजी पोर्टल एवं कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की।
उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।










































