
राजनांदगांव, 05 नवंबर 2026। दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में अग्नि सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में गुरुवार को जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी, राजनांदगांव द्वारा शहर में संचालित विभिन्न फटाखा दुकानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फटाखा दुकानों में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों एवं अन्य अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच की। साथ ही उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित करते हुए दुकानदारों को फटाखों के सुरक्षित भंडारण एवं विक्रय के दौरान निर्धारित अग्नि सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।
इस दौरान दुकानदारों और मौके पर उपस्थित लोगों को आगजनी की आपातकालीन स्थिति से निपटने के उपायों की जानकारी भी दी गई। उन्हें आग लगने पर तत्काल अग्निशमन सेवा को सूचना देने, लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों का सही तरीके से उपयोग करने के संबंध में जागरूक किया गया।
जिला अग्निशमन अधिकारी ने सभी फटाखा दुकानदारों से अपील की कि वे सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और सूझबूझ से काम लें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी और जागरूकता से बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान फायर स्टेशन इंचार्ज श्री ईमाम बेग, फायरमैन पुमेश कुमार एवं फायरमैन तरुण कुमार साहू उपस्थित रहे।










































