भिलाई : रिसाली और भिलाई नगर निगम में आने वाले दिनों में आम चुनाव होंगे। बजट में इसका पूरा-पूरा ख्याल रखा गया है। खासकर रिसाली नगर निगम पर विशेष ध्यान दिया गया है। बजट में रिसाली में एक नए महाविद्यालय और 30 बिस्तर अस्पताल का प्रस्ताव है। अस्पताल के लिए 1.50 करोड़ का प्रावधान भी रखा गया है। दुर्ग ग्रामीण के अंतर्गत आने वाले स्थानों के लिए भी बजट में प्रावधान रखा गया है।

दुर्ग और भिलाई को बजट में कुछ न कुछ दिया गया है, लेकिन अहिवारा, वैशाली नगर और भिलाई नगर के लिए बजट में कोई विशेष प्रावधान नहीं रखा गया है। दुर्ग जिले में पाटन, अहिवारा, दुर्ग शहर, दुर्ग ग्रामीण और वैशाली नगर आते हैं। पाटन के लिए जहां प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास और ऊर्जा संरक्षण की शिक्षा देने वाले नए केंद्र का प्रस्ताव रखा गया है। मानसिक रोग से ठीक हुए मरीजों के लिए दुर्ग नगर में हॉफ वे होम की स्थापना करने का प्रावधान रखा गया है।
- 10 बैरक बनाए जाएंगे सेंट्रल जेल दुर्ग में।
- 01 आदर्श पुनर्वास केंद्र 30 लाख की लागत से बनेगा।
- 1.56 करोड़ की लागत से बनेगा हॉफ वे होम।
- 02 अंडरब्रिज कुगदा व कैवल्यधाम के लिए रखी राशि।
- 03 वर्षामापी केंद्र बनेंगे जिले में। पाटन, धमधा और दुर्ग ब्लाक।
हॉफ वे होम से मानसिक रोगियों को मिलेगी राहत, 1.56 करोड़ का प्रावधान
दुर्ग में हॉफ वे होम की स्थापना की जाएगी। इससे मानसिक रोग से उबरे लोगों को राहत मिलेगी। इसके लिए 1.56 करोड़ रुपए का प्रस्ताव रखा गया है। इससे उन मरीजों को राहत मिलेगी, जो मानसिक बीमारियों का इलाज करा चुके हैं। इसके बाद उन्हें सामान्य लोगों के बीच जाना है। इस ट्रांजिट जोन के दौरान होने वाले तथ्यों के संबंध में जानकारी जाएगी, ताकि मानसिक रोगी व्यक्ति आसानी से लोगों के बीच रह सकें।
चंदूलाल मेडिकल कॉलेज के हस्तांतरण को लेकर ड्रॉफ्ट किया जा रहा तैयार
चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज का शासकीय करण होगा। इससे न केवल मेडिकल कॉलेज की हालत में सुधार होगा, बल्कि यहां पढ़ने वाले चिकित्सा विज्ञान के विद्यार्थियों को भी फायदा होगा। उन्हें पढ़ने और अभ्यास करने में ज्यादा आसानी होगी। साथ ही मेडिकल स्टाफ मेंबर्स को भी लाभ होगा। राज्य में शासकीय मेडिकल कॉलेज की संख्या में भी वृद्धि होगी। सीटों की वृद्धि भी संभावित है।
ये भी जानिए: गत बजट के 3500 सीटर इंडोर स्टेडियम, लाइनिंग जैसे काम शुरू भी नहीं हुए
वर्ष 2020-21 के बजट में राज्य सरकार ने दो प्रमुख घोषणाएं शहर के लिए की। इसमें पुलगांव चौक से महाराजा चौक तक नए फ्लाई ओवर और कोटनी-नगपुरा के बीच नया पुल निर्माण इसमें शामिल रहा। इन दोनों के लिए किए गए प्रावधान में एक ढेला खर्च नहीं किया जा सका। वहीं रविशंकर स्टेडियम के लिए 3500 सीटर इंडोर स्टेडियम बनाने की बात बजट में कही गई, लेकिन इस पर भी कोई काम नहीं हुआ। नगपुरा में नई पुलिस चौकी खोले जाने को लेकर भी बजट में प्रावधान किया गया, लेकिन इस दिशा में एक कदम भी आगे नहीं बढ़ा जा सका। विधायकों के प्रस्तावों को भी गंभीरता से नहीं लिया गया।
गुरु रूद्र कुमार अहिवारा
मांग
- भिलाई-3 को तहसील बनाने की मांग।
- अहिवारा को गांवों से जोड़ने सड़क की मांग।
मिला
- भिलाई-3 को तहसील का दर्जा मिला है। सेटअप भी देंगे।
- अहिवारा को इंटरकनेक्ट करने के लिए मिली सड़क।
अरुण वोरा, दुर्ग शहर
मांग
- शहर की सड़कें व अधूरे निर्माण को पूरा करें।
- पॉलीटेक्निकल कॉलेज में फर्नीचर की कमी दूर करें।
मिला
- दुर्ग पॉलीटेक्निक कॉलेज के लिए होगी फर्नीचर की खरीदी।
- पुलगांव चौक तक सड़कें।
विद्यारतन भसीन, वैशालीनगर
मांग
- वैशाली नगर में महिला महाविद्यालय खोला जाए।
- स्मृति नगर चौकी को थाना बनाने की मांग की।
नहीं मिला
- वैशाली नगर में गर्ल्स कॉलेज का प्रावधान नहीं।
- स्मृति नगर चौकी को थाना बनाने का भी उल्लेख नहीं।
पिछले बजट के प्रावधान अब तक नहीं हुआ काम
काम शुरू नहीं हुए
- जामगांव आर में थाना नहीं, भट्ठी थाने के पास ट्रांजिट बिल्डिंग नहीं, नगपुरा चौकी नहीं बनी
- 3500 सीटर इंडोर स्टेडियम के निर्माण की शुरुआत नहीं हुई।
- महाराजा चौक से फ्लाइ ओवर का काम अभी तक शुरू नहीं हुआ।
- निकुम-अंडा मार्ग का चौड़ीकरण
- नगपुरा-कोटनी पर नया पुल
- तांदुला-खपरी जलाशय मे लाइनिंग का कार्य।
- पाटन में मॉडल थाना की आधारशिला नहीं रखी।
शुरू हो चुके काम
- मचांदुर कॉलेज भवन का निर्माण।
source bhaskar.com










































