राजनांदगांव : अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को वसुधा फाउंडेशन ने सम्मान समारोह का आयोजन नगर निगम के टाउनहाॅल में किया। मुख्य अतिथि महापौर हेमा देशमुख ने स्वच्छता दीदियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में महापौर ने कहा कि महिला दिवस महिलाओं के लिए अभिमान का दिन है। रानी लक्ष्मी बाई, कल्पना चावला, सुनिता विलियम, फाइटर कमांडर अंजली जैसी महिलाओं ने देश का नाम रोशन किया है। महिलाएं किसी भी क्षेत्र में आज पीछे नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता दीदियां सुबह 6 बजे से सफाई करती हैं। जिसके कारण हम स्वस्थ वातावरण में रहते हैं। स्वच्छता दीदियों ने कोरोनाकाल मे भी डटकर कार्य किया है।

महिलाएं सर्वगुण सम्पन्न होती हैं और पूरे घर को स्वर्ग बना देती है। अतिथि अधिवक्ता एवं समाज सेविका शारदा तिवारी ने कहा कि महिला दिवस मनाने का उद्देश महिलाओं की स्थिति में सुधार लाना है, समाज में उनको सम्मान दिलाना है। वसुधा फाण्डेशन की अध्यक्ष वर्षा अग्रवाल ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि हमारी संस्था का उद्देश्य महिला उत्थान एवं नशा मुक्तिकरण अभियान चलाना है, ताकि महिलाओं को सम्मान मिल सके।
स्मृति चिन्ह देकर नवाजा
कार्यक्रम में वसुधा फाउण्डेशन की अध्यक्ष सहित पदाधिकारियों ने महापौर देशमुख एवं शारदा तिवारी का सम्मान किया। इसके बाद गायत्री साहू एवं निखत परवीन सहित स्वच्छता दीदी बबीता, पुष्पलता, अमिता, रजनी, लक्ष्मीन, शोभा, ममता, शशि, चंदा व सरस्वती का स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद माया शर्मा सहित वसुधा फाउण्डेशन की रेख अग्रवाल, सुभी बग्गा, निर्पेदर कोर, राखी अग्रवाल, अनीता अग्रवाल, निशा सहित अन्य महिलाएं उपस्थित थी।










































