back to top

दुर्ग/भिलाई : बंटी-बबली की तर्ज पर लूट और चोरी करने वाले गैंग को पुलिस ने धर-दबोचा…

भिलाई । बंटी-बबली की तर्ज पर मोबाइल लूट और चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गैंग को खुर्सीपार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 10 मोबाइल, दो स्कूटी और ज्वेलरी जब्त किया है।

पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में दर्जनों मामले दर्ज हैं। गैंग का सरगना गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देते थे ।

पुलिस ने मुख्य सरगना शुभम तागडे उर्फ मराठा ( 22 वर्ष), प्रतीक्षा दास (21 वर्ष), जितेन्द्र चौधरी उर्फ छोटू (21 वर्ष), प्रतीम सिंह ( 20 वर्ष) और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पांचों चोर मोबाइल को लूटने व सूने मकानों में चोरी की वारदात करने में माहिर थे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव ने बताया कि इस शातिर चोर गैंग को पकड़ने के लिए खुर्सीपार थाना प्रभारी सुरेश ध्रुव के नेतृत्व में थाना स्तर पर टीम बनायी गई जिसके बाद बड़ी मुश्किल में इस गैंग के पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।

एडिशनल एसपी ध्रुव ने बताया कि मुख्य सरगना शुभम तागडे उर्फ मराठा अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। चोरी किए गए सामान को छुपाने और खपाने का जिम्मा लेडी चोर किया करती थी ।

इन आरोपियों से 10 मोबाइल फोन और दो स्कूटी वाहन व सोने-चांदी के ज्वेलरी को बरामद किया गया है। पुलिस को आशंका है कि इस गैंग से ओर पूछताछ करने पर कई ओर चोरियों की वारदात का खुलासा हो सकता है। लिहाजा पुलिस इस गैंग की सरगना से पूछताछ कर रही है ।

रेकी कर वारदात को देते थे अंजाम

एडिशनल एसपी श्री ध्रुव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी चोरी से पहले इलाके की रेकी करते थे फिर बड़े ही शातिर ढंग से चोरी की वारदात को अंजाम दिया करते थे । ये रास्ते में चलते लोगों से मोबाइल छीनकर भी भाग जाते थे।

सीएसपी विश्वास चंद्राकर ने बताया कि चोरों के इस गैंग की पुलिस को छह महीने से तलाश थी । उन्होंने यह भी बताया कि पकड़े गए चोरों से बरामद सामानों की अनुमानित कीमत डेढ़ लाख रुपए है।

Advertisements

You cannot copy content of this page