० विधायक नांदगांव का फिर रायपुर में डेरा क्यों-महापौर

राजनांदगांव। प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष एवं महापौर हेमा सुदेश देशमुख ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजनांदगांव के विधायक डॉ. रमन सिंह पर प्रहार करते हुए कहा कि डॉक्टर रमन सिंह रायपुर में रहते हैं और दो घंटे के लिए राजनांदगांव के दौरे पर आते हैं । महापौर ने कहा कि 15 साल तक प्रदेश का मुखिया रहते हुए राजधानी रायपुर में डेरा डालने वाले रमन सिंह की पुरानी आदत आज भी नहीं गई है।
राजनांदगांव का वर्तमान विधायक होने के नाते यहां रहे ना कि माह में कभी-कभार राजनांदगांव में दो घंटे के लिए दौरे पर आएं।
महापौर देशमुख ने कहा कि चिकनी-चुपड़ी बातें कर जनता को गुमराह करना भाजपा नेताओं की फितरत रही है। डॉ. रमन सिंह जी को अब यह बात याद रखना चाहिए कि जनता को भोली-भाली समझकर गुमराह नहीं किया जा सकता, जनता को ये मालुम है कि पुरे देश में करोना से हाहाकार मचा था और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बंगाल के चुनाव में मस्त थे ,प्रधानमंत्री की अदुरदर्शिता के कारण हालात बिगडे हुए हैं और देश की जनता को करोना का टीका नहीं मिल पा रहा हैं।
महापौर ने कहा कि डॉ. रमन सिंह स्वयं को राजनांदगांव की जनता का सच्चा हितैषी और सेवक बताते अघाते नहीं हैं, लेकिन यहां की जनता को पता है कि उनका राजनांदगांव के विकास में कितना योगदान रहा है? 15 सालों तक यहां के विधायक और प्रदेश का मुखिया रहते हुए भी वे ऐसा कोई उद्योग-धंधा खुलवाने में नाकाम रहे, जिससे बेरोजगारों को रोजगार अथवा काम-धंधा मिल सके।
अटल बिहारी बाजपेयी की सरकार में केन्द्र में उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री रहते हुए डॉ. रमन सिंह ने ही राजनांदगांव जिले की शान कही जाने वाली बीएनसी मिल्स को बंद कराने में अहम भूमिका निभाई थी। छत्तीसगढ़ में तत्कालीन कांग्रेस सरकार की काफी अर्जी-विनती के बावजूद डॉ. रमन सिंह ने बीएनसी मिल को शुरू कराने में कोई रूचि नहीं दिखाई, क्योंकि यदि मिल शुरू हो जाती तो इसका श्रेय प्रदेश की कांग्रेस सरकार को मिलती।
इस तरह डॉ. रमन सिंह ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस मामले को ही नजरअंदाज कर दिया गया। इतना ही नहीं, डॉ. रमन सिंह जब स्वयं मुख्यमंत्री बने, तब भी उन्होंने बीएनसी मिल्स को शुरू कराने की दिशा में कोई प्रयास नहीं किया, बल्कि सत्ता में आने के बाद मिल के कल-पुर्जों और बेशकीमती जमीन को कौड़ी के दाम में नीलाम कर दिया।
महापौर देशमुख ने कहा कि कोरोना काल और लाकडाउन में भूपेश सरकार द्वारा आम जनता के लिए राशन वितरण की निशुल्क व्यवस्था की गई, उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं, इसलिए उन्हें चाहिए कि छत्तीसगढ़ के अलावा देश के भाजपा शासित राज्यों गुजरात उत्तर प्रदेश और हरियाणा और मध्यप्रदेश की बात भी करनी चाहिए। हाल ही में उत्तरप्रदेश में कोरोना संक्रमण से लोगों की हो रही बेतहाशा मौत के बावजूद योगी सरकार द्वारा शराब दुकानों को खोल दिया गया है।
कोरोना संकट की घड़ी में पेट्रोल-डीजल के दामों में रोजाना वृद्धि की जा रही है। कोरोना संकट के बीच दवाओं, यहां तक कि सेनेटाइजर जैसे चीज पर जीएसटी वसूला जा रहा है। इन मुद्दों पर डॉ. सिंह कुछ बोलते क्यों नहीं, क्योंकि वे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं और उन्हें इन मामले पर भी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिये।










































