back to top

मोहला: सर्विस ऑन व्हील्स” अभियान, घर-पहुंच मिल रही शासकीय सेवाएं…

मोहला 17 फरवरी 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशन में जिले के दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों को घर-पहुंच शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा “सर्विस ऑन व्हील्स–दिव्यांगजन एवं वृद्धजन सेवा रथ” अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न विकासखंडों में क्लस्टर स्तरीय शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को एक ही मंच पर विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है।

Advertisements


अभियान के प्रथम चरण में क्लस्टर स्तर पर पंजीयन एवं दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है, तत्पश्चात सेवा रथ के माध्यम से संबंधित ग्राम पंचायतों में पहुंचकर सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। मानपुर विकासखंड में 9 से 14 फरवरी तक शिविर आयोजित किए गए। वर्तमान में मोहला विकासखंड में 16 से 21 फरवरी तक अभियान संचालित है तथा आगामी चरण में अंबागढ़ चौकी विकासखंड में 23 से 28 फरवरी 2026 तक क्लस्टर स्तरीय शिविर लगाए जाएंगे।


इसी क्रम में 16 से 21 फरवरी 2026 तक सर्विस ऑन व्हील्स मोहला जनपद पंचायत क्षेत्र में संचालित है। गोटाटोला, कोर्रामटोला एवं सोमटोला में आयोजित शिविरों में पेंशन हितग्राहियों का भौतिक सत्यापन, आधार सीडिंग, वय वंदन योजना पंजीयन एवं सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। शिविर के अंत में उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

  • अब तक 6 शिविरों में 917 पंजीयन, 486 हितग्राही लाभान्वित जिले में संचालित “सर्विस ऑन व्हील्स – दिव्यांगजन एवं वृद्धजन सेवा रथ” अभियान के तहत आयोजित 6 क्लस्टर स्तरीय शिविरों में कुल 917 लोगों का पंजीयन किया गया, जिनमें से 486 हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविरों में समाज कल्याण विभाग द्वारा 80 भौतिक सत्यापन, 252 आधार सीडिंग, 73 मृत्यु प्रकरण एवं 33 पलायन प्रकरणों का निराकरण किया गया। साथ ही 141 सहायक उपकरणों का वितरण किया गया, जिनमें ट्रायसायकल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र एवं वॉकिंग स्टिक शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 42 वय वंदन योजना पंजीयन एवं 51 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जबकि श्रम विभाग ने 18 श्रम पंजीयन और 13 कौशल प्रशिक्षण आवेदन प्राप्त किए। अभियान के माध्यम से प्रशासन द्वारा ग्राम स्तर पर पहुंचकर दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
Advertisements

You cannot copy content of this page