
राजनांदगांव 13 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेल गतिविधियों को ग्रामीण क्षेत्र एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रोत्साहित करने, छत्तीसगढिया ओलंपिक का आयोजन करने शासन द्वारा दिये गये निर्देश के अनुक्रम में नगर निगम द्वारा 6 अक्टूबर 2022 से वार्ड के राजीव युवा मितान क्लब स्तर पर छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन ठा.प्यारेलाल सिंह स्कूल मैदान में किया गया और अब 15 अक्टूबर से जोन स्तरीय छत्तीसगढिया ओलंपिक का आयोजन ठा.प्यारेलाल सिंह स्कूल मैदान मे ही किया जा रहा है।
जिसका शुभारंभ महापौर श्रीमती हेमा सुदेश देशमुख द्वारा निगम पदाधिकारियों की उपस्थिति में किया जायेगा।
छत्तीसगढिया ओलंपिक के जोन स्तरीय खेल के संबंध में नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेल गतिविधियों को ग्रामीण क्षेत्र एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रोत्साहित करने, प्रतिभागियो को मंच प्रदान करने, उनमें खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और खेल भावना का विकास करने हेतु राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढिया ओलंपिक 2022-23 का आयोजन किये जाने का निर्णय लिया गया एवं विभिन्न स्तरों पर छत्तीसगढ के पारंपरिक खेल आयोजित करने के निर्देश शासन द्वारा दिया गया था।
निर्देश के अनुक्रम में नगर निगम द्वारा 6 अक्टूबर से ठा.प्यारेलाल सिंह स्कूल मैदान में वार्ड के राजीव युवा मितान क्लब स्तर पर छत्तीसगढ के पारंपरिक खेलों गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगडी दौड, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बाटी (कंचा), बिल्लस, फुगडी, गेडी दौड, भंवरा, 100 मीटर की दौड एवं लंबी कूद आदि खेलो का आयोजन किया गया था।
आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि खेल के अगले चरण में 15 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक जोन स्तर पर छत्तीसगढिया पारंपरिक खेल आयोजन किया जाना है, आयोजन की कडी में ठा.प्यारेलाल सिंह स्कूल मैदान में ही जोन स्तरीय खेल का आयोजन 15 अक्टूबर से किया जा रहा है, जिसके लिये अधिकारियों व कर्मचारियों को दायित्व सौपा गया है।
खेल का शुभारंभ महापौर श्रीमती हेमा सुदेश देशमुख द्वारा निगम पदाधिकारियों की उपस्थिति में किया जावेगा। उन्होंने बताया कि जोन स्तरीय खेल में वार्ड एवं वार्ड के राजीव युवा मितान क्लब स्तर पर आयोजित खेल के विजयी खिलाडी छत्तीसगढ के पारंपरिक खेलों का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने पार्षदों, नामांकित पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकार बंधुओं व खेल प्रेमियों से 15 अक्टूबर को ठा.प्यारेलाल सिंह स्कूल मैदान में उपस्थिति की अपील की है।









































