VISION TIMES : चोरों के बीच खूनी संघर्ष,दो की मौत, 21 आरोपी गिरफ्तार…

भिलाई । बीती रात दो चोर गुटों के बीच इंदिरा नगर हथखोज रेलवे पटरी के पास जमकर मारपीट हुई। झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक गुट ने हॉकी स्टीक, फावड़ा, रॉड, ईट और पत्थर से दूसरे गुट पर जानलेवा हमला कर दिया जिसमें दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। मरने वालों में एक कुछ दिन पहले ही चोरी के केस में जेल जा चुका था। पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिग सहित 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर किया है।

आज दोपहर पुलिस कंट्रोल रूम में मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि इंडस्ट्रियल एरिया में चोरी करने वाले दो चोर गिरोहों के बीच झगड़ा हुआ था। इसमें पहला ग्रुप सूरज चौधरी और मनोज चौधरी और दूसरा ग्रुप राहुल और संतोष यादव का है। ये लोग इंडस्ट्रियल एरिया में रात में चोरी करते थे। सूरज और राहुल एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे थे कि वे चोरी करते तो दूसरा ग्रुप पुलिस से उनकी मुखबिरी करता और उन्हें पकड़वा देता है। इस बात को लेकर तीन दिनों से दोनों गुटों के बीच झगड़ा हो रहा था। बीती देर रात झगड़ा इतना बढ़ गया कि राहुल, संतोष यादव, आमिर खान, भुरू उसका भाई अक्षय ने जानलेवा हमला कर सूरज चौधरी और मनोज चौधरी की हत्या कर दी।

चोरी की मुखबिरी करने के मामले को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि राहुल गुट ने खुर्सीपार से 15-20 लड़के बुला लिए। सभी लोग हॉकी स्टीक, रॉड और पत्थर लेकर गए और सूरज तथा उनके साथियों पर जानलेवा हमला कर दिया यह लोग पूरी रात दूसरे गुट को दौड़ा-दौड़ा कर मारते रहे जब तक भिलाई 3 पुलिस मौके पर पहुंची वहां दो लोगों की मौत हो चुकी थी। अभी तक मामले में 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अभी भी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। यह वारदात हथखोज में हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के सामने हुई है। तीन दिन पहले ही इस कंपनी के संचालक इंद्रजीत सिंह उर्फ छोटू को जान से मारने ‘की धमकी मिली थी। आरोपियों ने सोचा था कि वे लोग दूसरे गुट के लोगों की उसी कंपनी के सामने हत्या कर देंगे और आरोप दो बड़े ट्रांसपोर्टर्स के झगड़े पर आ जाएगा। लेकिन वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे ने सारी पोल खोल दी एचटीसी कंपनी के संचालक को हाल ही में पत्र भेज जान से मारने की धमकी दी गई थी। कल ही धमकी भरा पत्र भेजने वाले ट्रांसपोर्टर और उसके सुपरवाइज़र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

बीती देर रात हुई वारदात में आरोपियों ने प्लान बनाया था कि इस वारदात को भी पुलिस ट्रांसपोर्टर्स विवाद मानेगी और वो बच निकालेंगे लेकिन सीसीटीवी में यह घटना कैद हो गई। उन्होंने बताया कि सुबह चार बजे से पुलिस की अलग-अलग टीम आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ती रही। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दोपहर तक तीन नाबालिग सहित सभी 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में चंद्रभान चौहान (27 वर्ष), अमित चंद्राकर (22 वर्ष),

अजीत चंद्राकर (18 वर्ष), युवराज ठाकुर (24 वर्ष) निवासी इंदिरानगर हथखोज, भोला प्रसाद (18 वर्ष) इंदिरा नगर गांधी चौक, श्रवण कुमार शाह (18 वर्ष) दुर्गा मंदिर के पास जॉन 3 खुर्सीपार, प्रियांशु राऊत (18 वर्ष) बालाजी नगर खुर्सीपार, पंकज कुमार (19 वर्ष) बालाजी नगर खुर्सीपार, राहुल कुमार चौधरी (18 वर्ष) मिनीमाता नगर गणेश मंदिर के पास खुर्सीपार, टी जय रेड्डी (18 वर्ष) बालाजी नगर सिटी पार्क खुर्सीपार, अक्षय चंद्राकर (25 वर्ष) इंदिरा नगर हथखोज, अशोक कुमार चौधरी (23 वर्ष) बालाजी नगर खुर्सीपार, धर्मेश यादव (18 वर्ष) ग्राम मोहदीनपुर जिला गाजीपुर उत्तर प्रदेश, अभिषेक यादव (27 वर्ष) दरियापुर पोस्ट हाजीपुर जिला गाजीपुर उत्तर प्रदेश शामिल हैं। थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने इस मामले में धारा 147, 148, 149, 302 के तहत कार्रवाई की है।