
राजनांदगांव डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ शासन के वर्ष 2026–27 के बजट में डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र को लोक निर्माण विभाग (PWD) के माध्यम से कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात मिली है। क्षेत्र की विधायक हर्षिता स्वामी बघेल के प्रयासों से सड़क, पुल-पुलिया और शैक्षणिक भवन निर्माण सहित अनेक परियोजनाओं को बजट में शामिल किया गया है। इन कार्यों से क्षेत्र में यातायात सुविधा बेहतर होगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति मिलेगी।
बजट में डोंगरगढ़ विधानसभा अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए करोड़ों रुपये का प्रावधान किया गया है। इसमें माडीतराई में हाई स्कूल भवन निर्माण के लिए लगभग 75.23 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा राजनांदगांव जिले में जटकनहार से डोंगरगढ़ (धुसेरा गेट) रेलवे ओवरब्रिज के लिए भूमि अधिग्रहण एवं यूटिलिटी शिफ्टिंग, विभिन्न मार्गों पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण, तथा सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी बजट में शामिल किए गए हैं।
बजट में चिखली-पडुमतर्रा मार्ग, डोंगरगढ़-खैरागढ़ मार्ग, मोतीपुर-सुकुलदैहान-मोहरा मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कों के उन्नयन के लिए भी राशि स्वीकृत की गई है। वहीं विभिन्न नालों पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण से बरसात के समय आवागमन की समस्या दूर होने की उम्मीद है।
इन विकास कार्यों के लिए कुल मिलाकर लगभग 126 करोड़ रुपये से अधिक लागत की योजनाएँ प्रस्तावित की गई हैं, जिनमें वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 13 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है।
स्थानीय लोगों ने इन विकास कार्यों के लिए शासन एवं क्षेत्रीय विधायक का आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि सड़क और पुल निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, व्यापार-व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।









































