VISION TIMES : तांदुला नदी एनीकट में बाइक धोते युवक नदी में बहे, 20 घंटे बाद मिला शव…

भिलाई । ग्राम विनायकपुर आमटी तांदुला नदी एनीकट में बाइक धो रहे दो युवक नदी के तेज बहाव में बह गए थे। हादसे के बाद लगातार युवकों की तलाश की गई।

गुरुवर देर शाम रेस्क्यू रोकने के आज सुबह फिर से तलाश शुरू की गई। इस दौरान एसडीआरएफ की टीम लगी रही। लगभग 20 घंटे की मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव नदी से बरामद कर लिए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार अंडा गांव निवासी चुम्मन ठाकुर (20) और मिथलेश उर्फ शिवम सोनी (19) अपने साथी अजय यादव, विकास ठाकुर, यश यादव, योगराज के साथ नदी की ओर घुमने गए थे।

इस दौरान सभी मस्ती कर रहे थे। इस बीच चुम्मन ठाकुर अपनी बाइक धोने नदी स्थित स्टापडैम पर चढ़ गया। इस बीच चुम्मन का पैर फिसला और बाइक के साथ वह नदी में बह गया।

इधर चुम्मन को बचाने के लिए मिथलेश भी नदी में कूद गया लेकिन वह भी तेज बहाव में बह गया।

इस बीच दोनों के बाकी साथियों ने शोर मचाया। आसपास के गांव वाले स्टॉपडेम के पास जमा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अंडा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची।

स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू की गई। देर शाम तक दोनों युवकों की तलाश होती रही। बहाव तेज होने व गहराई ज्यादा होने के कारण काफी दिक्कतें भी हुई। रात होने पर रेस्क्यू रोक दिया गया। सुबह फिर से तलाश शुरू की गई।

इस दौरान एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और युवकों की तलाश शुरू की गई। डीप डाइविंग के अनुभवी जवान राजकुमार यादव, नरोत्तम, इन्द्रपाल, चंद्र प्रताप ने दोनों की तलाश पूरी की और उनके शव बाहर निकाले।