
छुईखदान। पारिवारिक रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से हमला करने वाले दो आरोपियों को केसीजी पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

घटना 1 फरवरी 2026 की है। ग्राम अछोली निवासी चंद्रकुमार जंघेल और ग्राम पेंड्रावन निवासी यशवंत वर्मा मोटरसाइकिल से ग्राम कोटरा पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर ग्राम कोटरा निवासी धुरू राम जंघेल के घर पहुंचकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में धुरू राम जंघेल गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार होने लगे, जिन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व उनके परिवार के साथ हुई मारपीट का बदला लेने के उद्देश्य से उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता श्रीमती सकुन बाई जंघेल की रिपोर्ट पर थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 33/2026 धारा 109 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने आरोपी चंद्रकुमार जंघेल से घटना में प्रयुक्त चाकू और लोहे की टंगली, वहीं आरोपी यशवंत वर्मा से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
माननीय न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को उपजेल सलोनी भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।









































