
भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में एक महिला ने एक गार्ड युवक का नग्न वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल कर पांच लाख की डिमांड की और लगातार धमकाने लगी। युवक इतना डर गया कि वह नौकरी छोड़ अपने गांव तक चला गया।

इसके बाद महिला ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। किसी तरह गार्ड ने तीन लाख रुपए दिए लेकिन वह पूरे पांच लाख के लिए अड़ी रही। तंग आकर युवक ने इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुरानी भिलाई पुलिस ने इस मामले में महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 308 (2), 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार ग्राम निपानी जिला बालोद का रहने वाला पारख बंजारे एसपीएस कंपनी का गार्ड है और सीएसपीडीसीएल में तैनात था। वर्ष 2020 से जुलाई 2025 तक छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रामिशन कंपनी द्वारा बनाये गये मकान में वह आशिष साहू, टोमन लाल निषाद के साथ रहता था। मकान के पीछे तलाक शुदा महिला रंजनी यादव अपने दो बच्चे के साथ रहती है।
पारख बंजारे ने बताया कि मार्च 2025 के बाद रंजनी यादव इनके निवास में आने जाने लगी और परिचय बढ़ाने लगी। मार्च के अंतिम सप्ताह में एक सुबह रंजनी यादव रोटी-सब्जी लेकर कमरे में आई। रोटी-सब्जी खाने के बाद वह बेहोश हो गया। जब उसे होश आया तो देखा कि वह पूरी तरह से नग्न है और रंजनी यादव मोबाइल फोन चालू कर रिकार्ड कर रही थी। इसके बाद 15 मई 2025 की शाम को रंजनी यादव ने नग्न वीडियो और फोटो के लिए पांच लाख रुपए की मांग की। रंजनी यादव लगातार उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगी।
इस डर से पारख ने गार्ड की नौकरी छोड दी और अपने गांव बालोद चला गया। इसकी जानकारी परिजनों को देने के बाद गांव के जमीन की ऋण पुस्तिका गिरवी रख तीन लाख की व्यवस्था की और अपने भाई के साथ 27 जुलाई को भिलाई तीन पहुंचकर रंजनी यादव को दिया। तीन लाख लेने के बाद भी रंजनी यादव ने वीडियो फोटो डिलीट नहीं किए और पूरे पांच लाख रुपए देने की मांग करती रही। रंजनी यादव से डरकर पारख ने उसका फोन रिसीव करना भी बंद कर दिया तो वह नंबर बदल-बदल कर फोन करने लगी। पारख बंजारे रुपए देने में असमर्थ था इसलिए उसने पुरानी भिलाई थाने में इस पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुरानी भिलाई पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









































