back to top

ई-ऑफिस प्रणाली के सुचारू संचालन को लेकर जिला कार्यालय सभाकक्ष में अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण…

मोहला 30 जुलाई 2026। जिला कार्यालय सभाकक्ष में गतदिवस छत्तीसगढ़ शासन की ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी एवं सुचारू संचालन को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ई-ऑफिस की कार्यप्रणाली, ऑनलाइन फाइल संचालन की प्रक्रिया तथा कार्यालयीन कार्यों को डिजिटल माध्यम से संपादित करने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।

Advertisements


प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बताया गया कि ई-ऑफिस प्रणाली शासन की महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है, जिसके माध्यम से कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, गति एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जा रही है। ई-ऑफिस के माध्यम से फाइलों का आदान-प्रदान, अनुमोदन प्रक्रिया, दस्तावेजों का सुरक्षित संधारण एवं कार्यों की ऑनलाइन निगरानी को अधिक सरल और प्रभावी बनाया गया है।


कार्यक्रम में ई-ऑफिस पोर्टल पर फाइल तैयार करने, फाइल को संबंधित अधिकारी के पास भेजने, प्राप्त फाइलों पर कार्यवाही करने तथा आवश्यकतानुसार फाइल को पार्क (Park) एवं क्लोज (Close) करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि लंबित अथवा भविष्य में आवश्यक होने वाली फाइलों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत पार्क किया जा सकता है, जबकि पूर्ण हो चुके प्रकरणों की फाइलों को क्लोज कर रिकॉर्ड व्यवस्थित रखा जा सकता है।


इस अवसर पर कर्मचारियों को ई-ऑफिस में फाइलों के उचित प्रबंधन, समय-सीमा में कार्यवाही करने तथा डिजिटल रिकॉर्ड के रखरखाव के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण में बताया गया कि ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से कागज रहित कार्यालय की दिशा में आगे बढ़ते हुए कार्यों को अधिक तेज, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जा रहा है।अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बायोमेट्रिक सिस्टम के उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी गई।

उन्हें बताया गया कि बायोमेट्रिक प्रणाली कार्यालय में उपस्थिति प्रबंधन को बेहतर बनाने तथा कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए उपयोगी तकनीकी माध्यम है। प्रशिक्षण के दौरान बायोमेट्रिक मशीन के संचालन, उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया एवं इससे संबंधित आवश्यक सावधानियों के बारे में भी अवगत कराया गया।


कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली के बेहतर क्रियान्वयन से कार्यालयीन कार्यों में तेजी आएगी और आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ अधिक समयबद्ध तरीके से मिल सकेगा। डिजिटल प्रणाली अपनाने से फाइलों की स्थिति की जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकती है तथा कार्यों की निगरानी भी प्रभावी रूप से की जा सकती है।

प्रशिक्षण के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की गई कि वे ई-ऑफिस प्रणाली का नियमित उपयोग करें और शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कार्यालयीन कार्यों को अधिक पारदर्शी एवं दक्ष बनाएं। जिला कार्यालय द्वारा ई-ऑफिस व्यवस्था को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए सभी शाखाओं में आवश्यक समन्वय एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही गई।

Advertisements

You cannot copy content of this page