
खैरागढ़ – जिले के गंडई में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या मामले में पुलिस ने गुत्थी सुलझा ली है। इस मामले में एक मेडिकल संचालक द्वारा बुजुर्ग की हत्या के बाद उसकी प्रेमिका द्वारा शव को दुर्ग में अपने घर के बाथरूम में जलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्लीनिक व न्यू लक्ष्मी मेडिकल के संचालक उमेश साहू ने टिकरीपारा निवासी 90 वर्षीय मरीज की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को फ्रीज में रख दिया गया। उसके बाद छुईखदान निवासी अपने दोस्त की मदद से शव को उसी रात दुर्ग के गिरधारी नगर ले गया, जहां उमेश की प्रेमिका सुप्रिया ने बुजुर्ग महिला को जलाकर राख कर दिया।
इसकी मास्टर माइंड सुप्रिया ने यह सब अपने प्रेमी उमेश को पाने के लिए किया। सुप्रिया ने खुद मौत की झूठी कहानी रचने के लिए बुजुर्ग महिला को जलाकर मार दिया। पुलिस ने इस घटना का पर्दाफाश कर दिया। इस मामले में दुर्ग पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें उमेश साहू पिता स्व. रामूलाल साहू टिकरीपारा, प्रदीप जंघेल पिता बलदाउ जंघेल खैरनवापारा छुईखदान और दुर्ग गिरधारी नगर निवासी सुप्रिया यादव पति भूपेंद्र यादव शामिल हैं।
बाथरूम में शव को जलाया
पुलिस के अनुसार 16 और 17 अगस्त की दरम्यानी रात यह जानकारी मिली कि दुर्ग के गिरधारी नगर वार्ड 9 में भूपेंद्र यादव के घर के बाहर बने स्टोर रूम में किसी का शव जल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि बाथरूम में एक शव पड़ा है और वो पूरी तरह से जल चुका था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलाझाने जांच शुरू की।
पुलिस ने जब भूपेद्र यादव के घर की तलाशी ली. तो पता चला कि उसकी पत्नी सुप्रिया यादव रात में तो अपने पति और बच्चों के साथ सोई थी, लेकिन घटना के समय वहां नहीं थी। पुलिस को पहले शक हुआ कि लाश सुप्रिया यादव की है।









































