डोंगरगांव। जिले के दिवंगत पत्रकार डॉ. दिलीप कुर्रे को उनके आकस्मिक निधन पर डोंगरगांव के मीडियाकर्मियों ने एक शोकसभा आयोजित कर अपनी भावाजंली दी है। स्थानीय रेस्ट हाऊस में आयोजित सभा में सर्वप्रथम श्रम रेखा के संपादक व सतनामी समाज के पूर्व जिला सचिव स्व. दिलीप कुर्रे के चित्र पर बारी बारी से मीडियाकर्मियों ने पुष्पाजंलि अर्पित किया। पश्चात् वरिष्ठ पत्रकार बालकृष्ण सिन्हा ने स्व. कुर्रे के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके असामयिक निधन पर शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही भगवान से दिवंगत की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिवार उनके परिवारजनों को इस असीम दुख को सहने का आत्मसंबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

शोक सभा में हेमंत कुमार वर्मा ने डॉ. कुर्रे को एक अच्छे पत्रकार के साथ एक नेक इंसान बताते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश अंतर्गत एक छोटे से गांव बांसुला से आकर भी वे बतौर संपादक श्रम रेखा के माध्यम से पूरे जिले में अपनी एक अलग ही पहचान बनाई थी। कम उम्र में उनके निधन को पत्रकार जगत के लिए अपूर्णीय क्षति बताते हुए अपने श्रद्धासुमन अर्पित किये। शोक सभा में प्रमुख रूप से बालकृष्ण सिन्हा, गोविंद गुप्ता, प्रेम गोस्वामी, महेन्द्र लेंझारे, रज्जा राणा, दिवाकर सोनी, घनश्याम साहू, हेमंत वर्मा, संदीप रत्नाकर आदि उपस्थित थे।










































