back to top

नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राजनांदगांव के 150 विवेचकों को मिले स्मार्ट मोबाइल…

राजनांदगांव। नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी और तकनीक आधारित क्रियान्वयन को मजबूत करने की दिशा में राजनांदगांव पुलिस ने अहम पहल की है। पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ के निर्देश पर जिले के 150 विवेचकों को स्मार्ट मोबाइल वितरित किए गए। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) ने पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विवेचकों को मोबाइल सौंपे।

इस अवसर पर एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि नए आपराधिक कानून लागू होने के बाद विवेचना प्रक्रिया में तकनीक की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। घटनास्थल से डिजिटल साक्ष्य संकलन, फोटो-वीडियो दस्तावेजीकरण, ऑनलाइन रिपोर्टिंग और विभिन्न पुलिस एप्लिकेशन के उपयोग से जांच को अधिक पारदर्शी, वैज्ञानिक और समयबद्ध बनाया जा सकता है।

उन्होंने विवेचकों को निर्देशित किया कि स्मार्ट मोबाइल का उपयोग केवल शासकीय कार्यों के लिए करें तथा नवीन कानूनों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करें। साथ ही डिजिटल साक्ष्यों के समुचित संकलन और तकनीक के अधिकतम उपयोग पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन, उप पुलिस अधीक्षक के.पी. मरकाम सहित जिले के सभी विवेचक उपस्थित रहे। विवेचकों ने पुलिस मुख्यालय और पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन स्मार्ट मोबाइलों से जांच कार्य अधिक सरल, तेज और प्रभावी होगा।

राजनांदगांव पुलिस ने कहा कि नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने और नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए तकनीक आधारित विवेचना को लगातार बढ़ावा दिया जाएगा।

Advertisements

You cannot copy content of this page