back to top

पत्रकार एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत, आपसी खींचतान नहीं, संगठन और सम्मान से मजबूत होगी पत्रकारिता : संजय सोनी…

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में प्रेस रिपोर्टर क्लब के नवीन कार्यालय का हुआ शुभारंभ, प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से एकजुटता की अपील की

सारंगढ़। पत्रकारिता की मजबूती के लिए आपसी एकता, सहयोग और सम्मान बेहद जरूरी है। पत्रकारों को एक-दूसरे की टांग खींचने के बजाय संगठन की ताकत बनकर एक-दूसरे का साथ देना चाहिए। आपसी समन्वय और एकजुटता से ही पत्रकारिता की गरिमा और पत्रकारों का सम्मान सुरक्षित रह सकता है।

यह बातें प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में प्रेस रिपोर्टर क्लब के नवीन कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर कहीं।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने कार्यक्रम में उपस्थित जिले के समस्त पत्रकार साथियों, मुख्य अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि नवीन कार्यालय का शुभारंभ संगठन को नई दिशा और मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह कार्यालय पत्रकारों के आपसी संवाद, सहयोग और संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र बनेगा।

संजय सोनी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य किसी को पीछे करना नहीं, बल्कि सभी को साथ लेकर आगे बढ़ना है।

पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा स्वस्थ होनी चाहिए, न कि आपसी खींचतान और मनमुटाव का कारण। जब पत्रकार एक-दूसरे का सम्मान करेंगे और कठिन परिस्थितियों में एक-दूसरे के साथ खड़े होंगे, तभी समाज में पत्रकारों की प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता बढ़ेगी।

उन्होंने आगे कहा कि वरिष्ठ पत्रकारों का अनुभव और युवा पत्रकारों की ऊर्जा संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है। दोनों के समन्वय से पत्रकारिता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

पत्रकारों को निष्पक्षता, निर्भीकता और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष ने सभी पत्रकार साथियों से आह्वान किया कि वे आपसी मतभेदों को भुलाकर पत्रकार एकता, निष्पक्ष पत्रकारिता और पत्रकारों के सम्मान को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करें।

उल्लेखनीय है कि प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ शासन से पंजीकृत संगठन है, जिसका पंजीयन क्रमांक 6417 है तथा इसकी स्थापना वर्ष 2005 में हुई थी। संगठन का उद्देश्य पत्रकारों के हितों, सम्मान और एकजुटता को बढ़ावा देना है।