
मोहला-मानपुर के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में एक बार फिर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। यह मुठभेड़ मदनवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत खुर्सेकला गांव के समीप जंगलों में हुई, जिसकी पुष्टि मोहला मानपुर जिले के पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह ने की है।
एसपी ने बताया कि इस मुठभेड़ में सभी पुलिस जवान सुरक्षित हैं और हमारी ओर से किसी भी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल मुठभेड़ स्थल पर सुरक्षाबलों की कार्रवाई जारी है और जवान अभी भी जंगल में डटे हुए हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस मुठभेड़ में कई नक्सलियों के घायल होने की खबर है, साथ ही एक बड़े नक्सली लीडर के पकड़े जाने की भी संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में विस्तृत जानकारी जवानों की वापसी के बाद ही सामने आ सकेगी।
गौरतलब है कि लंबे समय से मोहला-मानपुर क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों में कमी देखी जा रही थी। लेकिन यह हालिया मुठभेड़ इस बात का संकेत है कि नक्सलियों की कमजोर होती पकड़ के बीच सुरक्षाबलों की सतर्कता और कार्रवाई लगातार जारी है।
क्षेत्र में नक्सलवाद के अंत की ओर बढ़ते कदमों के बीच यह मुठभेड़ एक और बड़ा संकेत है कि सुरक्षाबल हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।









































