
मोहला-मानपुर। जिले के मदनवाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम रेतेगांव और कारेकट्टा के बीच स्थित मंडा पहाड़ में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो हार्डकोर नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। मारे गए नक्सलियों में केंद्रीय समिति के प्रमुख सदस्य विजय रेड्डी और डीवीसी लोकेश सलामे शामिल हैं। विजयरेड्डी पर 25 लाख रु का ईनाम घोषित था।
जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के बावजूद सुरक्षा बलों ने जंगल और पहाड़ को चारों ओर से घेर रखा है। क्षेत्र में अब भी तलाशी अभियान जारी है। पुलिस अधीक्षक वाई. पी. सिंह ने घटना की पुष्टि की है और बताया कि यह कार्रवाई नक्सल उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।
मुठभेड़ में शामिल बलों में जिला पुलिस बल, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हैं। घटनास्थल से हथियार, गोला-बारूद और नक्सली सामग्री बरामद होने की संभावना जताई जा रही है।









































