back to top

बिग ब्रेकिंग: राजनांदगांव स्टेशन पारा ओवरब्रिज पर बस खराब होने से लगा लंबा जाम, नागरिकों को हो रही भारी परेशानी…

राजनांदगांव, 31 जुलाई 2025। शहर के व्यस्ततम स्टेशन पारा ओवरब्रिज पर आज दोपहर लगभग एक से दो बजे एक यात्री बस के अचानक खराब हो जाने से पूरे क्षेत्र में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। बस का ब्रेकडाउन ऐसे समय हुआ जब पुल पर यातायात चरम पर था, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को घंटों लंबा इंतजार करना पड़ा।

Advertisements

स्थिति को संभालने के लिए मौके पर पहुँची यातायात पुलिस द्वारा कड़ी मशक्कत करते हुए एक-एक कर वाहनों को निकाला गया, लेकिन तब तक सड़क के दोनों ओर सैकड़ों गाड़ियाँ फंसी रहीं। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, स्कूली बच्चे और आपातकालीन वाहनों को भी रास्ता मिलने में परेशानी हुई।

स्थानीय नागरिकों ने इस अव्यवस्था के लिए प्रशासन और रेलवे विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। क्षेत्रवासियों ने सवाल उठाया –
“कब बनेगा रेलवे अंडरब्रिज?”

गौरतलब है कि स्टेशन पारा रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज निर्माण का कार्य पिछले दो वर्षों से अधर में लटका हुआ है। क्रॉसिंग बंद होने के बाद से पूरा ट्रैफिक ओवरब्रिज और अन्य वैकल्पिक मार्गों पर निर्भर है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएँ और ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

कई बार हादसे हो चुके हैं और अब तक प्रशासन की ओर से अंडरब्रिज निर्माण कार्य को गति देने की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है। नागरिकों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द अंडरब्रिज निर्माण कार्य को पूर्ण करे, ताकि शहर को इस रोज़मर्रा की परेशानी से निजात मिल सके।

Advertisements

You cannot copy content of this page