
भिलाई। शेयर ट्रेडिंग व इन्वेस्टमेंट के नाम पर एक युवक से लाखों रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। रेंज साइबर थाना दुर्ग में पीड़ित की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना कर रही है। मिली जानकारी अनुसार रेंज साइबर थाना दुर्ग में शुभम जायसवाल पिता हनुमान प्रसाद जायसवाल निवासी हाउसिंग बोर्ड, इंडस्ट्रियल स्टेट ने साइबर ठगी मामले की शिकायत दर्ज कराई।
प्रथम दृष्टया साइबर धोखाधड़ी का अपराध पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(4) एवं 336 (3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। प्रार्थी ने बताया कि 20 दिसंबर 2025 को उसके मोबाइल नंबर पर अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने स्वयं को ब्रड सिक्योरिटी नामक कंपनी का प्रतिनिधि बताया और इन्वेस्टमेंट कर मुनाफा कमाने का झांसा दिया। इसके बाद एक लिंक भेजा गया, जिस पर क्लिक करने पर क्यूआर कोड प्राप्त हुआ।
आरोपियों के झांसे में आकर प्रार्थी ने अलग-अलग तिथियों में विभिन्न बैंक खातों व क्यूआर कोड के माध्यम से कुल 11 लाख 15 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित को शुरुआत में मुनाफा दिखाकर कुछ राशि विड्रॉल भी कराई गई, जिससे उसका विश्वास और बढ़ गया। बाद में लिंक आईडी पर लगभग 16 लाख रुपये दिखाए जाने लगे। जब प्रार्थी ने पांच लाख रुपये निकालने का प्रयास किया तो उससे 18 प्रतिशत जीएसटी के नाम पर और राशि की मांग की गई।
इसी दौरान आरोपियों द्वारा एफआईआर की धमकी दिए जाने पर प्रार्थी को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर घटना की शिकायत दर्ज कराई। उसने कुल निवेश राशि में से लगभग छह लाख 15 हजार रुपये विड्रॉल किए हैं, शेष राशि की ठगी की गई है। पुलिस द्वारा बैंक खातों, मोबाइल नंबरों एवं डिजिटल लेन-देन की जांच की जा रही है।









































