back to top

धमतरी: अवैध प्रेम संबंध के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला दो आरोपी गिरफ्तार…

धमतरी । जिले के सिहावा थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम सांकरा में अवैध प्रेम संबंध के चलते विवाद में जानलेवा हमलाकर हत्या का प्रयास करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने घटना के सप्ताहभर के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त हथौड़ा भी जप्त किया गया है।

Advertisements

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चार जनवरी को ग्राम सांकरा स्थित दन्तेश्वरी मंदिर तालाब पचरी में अज्ञात आरोपियों द्वारा पीड़ित धनेश्वर जोगी (35 वर्ष) पर किसी ठोस वस्तु से सिर एवं सिर के पिछले हिस्से में प्राणघातक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना की सूचना पर थाना सिहावा में धारा 109(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्य एवं तकनीकी विश्लेषण से यह तथ्य सामने आया कि पीड़ित धनेश्वर जोगी का आरोपी जितेन्द्र कुमार चंदनिया की पत्नी से लगातार संपर्क था। पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि दोनों के मध्य अवैध प्रेम संबंध थे, जिस कारण आरोपी जितेन्द्र चंदनिया का अपनी पत्नी एवं पीड़ित के साथ पूर्व से विवाद चला आ रहा था। इसी क्रम में घटना के दिन दोपहर में पीडति का विवाद आरोपी चन्द्रप्रकाश चंदनिया की पत्नी के साथ भी हुआ था।

उक्त बातों से आक्रोशित होकर दोनों आरोपी जितेन्द्र कुमार चंदनिया पिता स्व. प्रेमलाल चंदनिया (38 वर्ष) साकिन सतनामी पारा सांकरा थाना सिहावा जिला धमतरी एवं चन्द्रप्रकाश चंदनिया पिता बिसहत लाल चंदनिया (43 वर्ष) साकिन सतनामी पारा सांकरा थाना सिहावा जिला धमतरी ने आपस में षड्यंत्र रचकर, यह जानते हुए कि पीड़ित प्रतिदिन शाम को दन्तेश्वरी तालाब पचरी में बैठता है, चार जनवरी की शाम लगभग छह बजे अंधेरे का लाभ उठाकर जान से मारने की नीयत से हमला किया।

आरोपी जितेन्द्र चंदनिया द्वारा लोहे के हथौड़े से पीड़ित के सिर के पीछे वार किया गया, जिससे वह नीचे गिर पड़ा। इसके पश्चात आरोपी चन्द्रप्रकाश चंदनिया द्वारा पीड़ित के पीठ में लात मारकर उसे पुनः गिरा दिया गया।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उनका मेमोरेंडम कथन लिया गया। मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा जप्त किया गया। अपराध घटित करने के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

Advertisements

You cannot copy content of this page