महापौर मधुसूदन यादव ने किया गंजपारा स्कूल का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, विद्यार्थियो से की आत्मीय मुलाकात…

राजनांदगांव 19 जून। महापौर मधुसूदन यादव ने आज हीरामोती वार्ड 39 स्थित इग्नाइट अंग्रेजी माध्यम स्कूल (गंजपारा स्कूल) का वार्ड पार्षद श्री रवि सिन्हा के साथ निरीक्षण कर विद्यालय परिसर में चल रहे विकास कार्यों एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल का जायजा लेते हुए उप अभियंता श्री अनुप पाण्डे को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान महापौर श्री यादव ने विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से बच्चों के चयन एवं प्रवेश संबंधी व्यवस्थाओं की प्राचार्य श्रीमती राबिया सादाब से जानकारी ली तथा प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलना चाहिए और प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।


महापौर श्री यादव ने विद्यालय के विद्यार्थियों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना तथा पढ़ाई, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर अध्ययन करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया। पार्षद श्री सिन्हा ने विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।


महापौर ने कहा कि नगर निगम एवं प्रशासन बच्चों के बेहतर भविष्य और शिक्षा के स्तर को उन्नत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं तथा शासकीय विद्यालयों में निजी विद्यालयो की तरह माॅडन-क्लास के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है।