
राजनांदगांव। शहर के नंदई चौक के पास पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों पर जानलेवा हमला करने के मामले में बसंतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल तीन अपचारी बालकों को भी अभिरक्षा में लेकर न्यायिक रिमांड पर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 2 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे की है। शुभम भारती और वरुण नायक नंदई चौक के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान शुभम के सिर पर बांस के डंडे से हमला किया गया, जबकि वरुण के सीने के बाईं ओर धारदार चाकू से वार किया गया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की शिकायत पर थाना बसंतपुर में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए चार बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रितेश यादव उर्फ लारो, भक्त राज ढीमर, साहिल कुरैशी और हर्ष उर्फ हर्षवर्धन राय शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक धारदार चाकू और बांस का डंडा भी जब्त किया है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि तीन अपचारी बालकों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।










































