
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। महिला को कुचलकर मौके से फरार होने वाले अज्ञात लाल रंग की पल्सर मोटरसाइकिल चालक को केसीजी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंचने में पुलिस को सफलता मिली। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

घटना 16 जनवरी 2026 की सुबह करीब 7:40 बजे की है। ग्राम मरदकठेरा निवासी ललिता साहू (53 वर्ष), पति रेघउ साहू, अपने घर से खेत में बोए गए चना और गेहूं की निंदाई व रखवाली के लिए पैदल खाना लेकर निकली थीं। सुबह लगभग 8 बजे जब वे ग्राम धोधा चौक के आगे कालेगोंदी रोड से गुजर रही थीं, तभी कालेगोंदी की ओर से आ रही लाल रंग की पल्सर मोटरसाइकिल के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मामले में थाना गंडई में अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के विरुद्ध धारा 281 एवं 106(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान केसीजी पुलिस द्वारा लगातार आरोपी की तलाश की जा रही थी। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह जानकारी मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल की हेडलाइट वाइजर बनवाने सहसपुर लोहारा स्थित रामा बजाज शोरूम गया था।
शोरूम से प्राप्त जानकारी के आधार पर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 एयू 3664 के चालक की पहचान ग्राम ईरिमकसा, थाना गंडई निवासी शैलेन्द्र निर्मलकर (23 वर्ष), पिता मांगीलाल निर्मलकर के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना कारित करना स्वीकार किया, जिसके बाद प्रकरण में धारा 105 बीएनएस जोड़ी गई। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
महिला को कुचलकर फरार हुए आरोपी की गिरफ्तारी में केसीजी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।









































