मातृ मृत्यु दर में कमी लाने और सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम,प्रत्येक माह की 9 एवं 24 तारीख को विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन…

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान अंतर्गत जिले में गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व देखभाल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक माह की 9 एवं 24 तारीख को विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन
10 स्त्री रोग विशेषज्ञ देंगे अपनी सेवाएं

राजनांदगांव 06 मार्च 2026। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान अंतर्गत जिले में गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व देखभाल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक माह की 9 एवं 24 तारीख को विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क जांच, उपचार एवं परामर्श प्रदान करना है।

अभियान अंतर्गत उन महिलाओं की जांच की जाती है, जिनका पहला प्रसव ऑपरेशन से हुआ हो, पहले गर्भपात या मृत शिशु का जन्म हुआ हो, जिनका वजन व ऊंचाई कम हो, कम उम्र में गर्भधारण किया हो, गंभीर एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह या किसी अन्य गंभीर बीमारी से ग्रसित महिलाओं हेतु सोनोग्राफी जांच कराये जाने की सलाह दी गई, जिससे गर्भवती महिलाओं की निदानिक स्थिति के अनुसार उचित देखभाल संभव हो सके।


कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार कुल 10 स्त्री रोग विशेषज्ञों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में सेवाएं 9 मार्च को प्रदाय की जाएगी। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन शाखा राजनांदगांव के सहयोग से स्वास्थ्य केन्द्रों में सेवाएं प्रदान की जाएगी। जिसके तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोंगरगांव में डॉ. सुजाता वासनिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोंगरगढ़ में डॉ. विजय श्री जैन, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोमनी में डॉ. सुरभि मोहबे, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तुमड़ीबोड़ में डॉ. लक्ष्मी बग्गा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र डुमरडीहकला में डॉ. अमृता भदौरिया, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सुरगी में डॉ. अभिलाषा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अर्जुनी में डॉ. हिना चिचेरिया, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मुसराकला डॉ. अभिलाषा द्वारा सेवाएं दी जाएगी। इसी तरह  24 मार्च 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोमनी में डॉ. रंजिता पारख तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र टप्पा में डॉ. सिद्धी सैनिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लाल बहादुर नगर में डॉ. अनुपमा अस्थाना द्वारा सेवाएं प्रदाय की जाएगी।


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में सेवा दे रहे स्त्री रोग विशेषज्ञों से गर्भवती महिलाओं की जांच कराने की अपील की गई है। अभियान की प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा निरीक्षण दल गठित कर विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं का दौरा किया जाएगा। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के सफल आयोजन से जिले में मातृ मृत्यु दर में कमी लाने और सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।