back to top

मोहला: 15 जून से जिले में चलेगा सघन कुष्ठ जाँच खोज अभियान…

मोहला 12 जून 2026। कुष्ठ रोग मुक्त समाज के निर्माण तथा छिपे हुए कुष्ठ रोगियों की समय पर पहचान के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक सघन कुष्ठ जाँच खोज अभियान (LCDC) संचालित किया जाएगा। अभियान कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय खोब्रागड़े के मार्गदर्शन तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री राकेश वर्मा के नेतृत्व में जिले के सभी विकासखंडों में चलाया जाएगा।

Advertisements


अभियान के तहत प्रशिक्षित मितानिनों, एएनएम, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य संगठकों की टीमें घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगी। इस दौरान कुष्ठ रोग के संभावित लक्षणों वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनकी जांच एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा त्वचा पर सुन्न या हल्के रंग के धब्बे, हाथ-पैरों में संवेदना की कमी, नसों में सूजन अथवा कमजोरी जैसे लक्षणों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय खोब्रागड़े ने बताया कि कुष्ठ रोग पूर्णतः उपचार योग्य बीमारी है तथा इसका उपचार सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान एवं नियमित उपचार से रोगी पूर्ण रूप से स्वस्थ जीवन जी सकता है और विकलांगता की संभावना को भी काफी हद तक रोका जा सकता है।


जिला कुष्ठ नोडल अधिकारी डॉ. एस.आर. कोवाची ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे रोगियों की पहचान करना है, जो अभी तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि रोग की प्रारंभिक अवस्था में पहचान एवं उपचार से न केवल रोगी को लाभ मिलता है, बल्कि समुदाय में संक्रमण के प्रसार को भी प्रभावी ढंग से रोका जा सकता है।


स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे सर्वेक्षण दल को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, कुष्ठ रोग से जुड़ी भ्रांतियों एवं सामाजिक भेदभाव से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध लक्षण की जानकारी तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या स्वास्थ्य कार्यकर्ता को दें।

Advertisements

You cannot copy content of this page