
राजनांदगांव,
पूर्व महापौर हेमा देशमुख द्वारा जीएसटी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से निराधार, भ्रामक और जनता को गुमराह करने वाले हैं। दरअसल, कांग्रेस नेताओं की यही आदत रही है कि खुद देश को लूटकर खोखला करें और दोष मोदी सरकार पर मढ़ दें।
शासकीय विज्ञान महाविद्यालय के अध्यक्ष एवं पार्षद रवि सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस को याद रखना चाहिए कि जीएसटी कोई भाजपा की चौपाई व्यवस्था नहीं है, बल्कि सभी दलों की सहमति से लागू किया गया ऐतिहासिक कर सुधार है। मोदी सरकार ने “एक राष्ट्र, एक कर” की व्यवस्था लागू कर भ्रष्टाचार और टैक्स चोरी पर रोक लगाई है। इसका फायदा आज करोड़ों व्यापारी और आम जनता उठा रहे हैं।
रवि सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस अपनी 60 साल की लूट और विफलताओं को छिपाने के लिए मोदी सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है। जबकि सच्चाई यह है कि बीते 8 सालों में देश ने रिकॉर्ड विकास देखा है। जनधन योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, घर-घर बिजली, हाईवे, रेलवे आधुनिकीकरण और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने गरीब, किसान और मध्यम वर्ग को सीधा लाभ पहुँचाया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को भी अभूतपूर्व विकास कार्यों का लाभ मिला है। रायपुर से नागपुर और रायपुर से विशाखापट्टनम तक नई एक्सप्रेस-वे योजनाएँ, अटल नगर (नया रायपुर) का तीव्र विकास, रेलवे के आधुनिकीकरण, राजनांदगांव में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, राष्ट्रीय राजमार्गों का चौड़ीकरण और किसानों को सीधे खाते में सम्मान निधि जैसी योजनाएं कांग्रेस के भ्रष्ट शासन में कभी संभव नहीं थीं।
रवि सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को जवाब देना चाहिए कि अगर मोदी जी की नीतियाँ गलत हैं तो देश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूती क्यों पकड़ रही है और भारत आज विश्व पटल पर नई ताकत बनकर क्यों उभर रहा है? सच यह है कि कांग्रेस सिर्फ झूठ बोलकर जनता को गुमराह करना चाहती है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता कांग्रेस के झूठ और दुष्प्रचार के जाल में फंसने वाली नहीं है। मोदी सरकार ने गरीब, किसान, महिला और युवा सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। देश कांग्रेस की लूट से उबर चुका है और विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है।









































