राजनांदगांव:आरला मोखला के किसानों की बढ़ी परेशानी हर साल करनी पड़ती है पानी निकासी की जद्दोजहद…

राजनांदगांव। ग्राम आरला–मोखला के किसानों को खेतों से पानी निकासी के लिए हर वर्ष बड़ी समस्या का सामना करना पड़ता है। किसानों को मोटर लगाकर पानी निकालना पड़ता है, जिससे उन्हें अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है। गांव में नाली तो बनाई गई है, लेकिन उसकी ऊंचाई अधिक होने के कारण खेतों का पानी स्वाभाविक रूप से नहीं निकल पाता।

Advertisements

किसान भगत डीमर, युगल किशोर, भागवत सहित कई किसानों ने बताया कि उन्हें प्रतिवर्ष पाइप बिठाकर जबरन पानी निकासी करनी पड़ती है। इससे समय, श्रम और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है।

पूर्व में महापौर मधुसूदन यादव ने स्वयं स्थल निरीक्षण कर समस्या की गंभीरता को समझा था और समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही थी। किसान नारायण साहू ने भी अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की थी।

किसानों का कहना है कि यदि जल्द नाली की ऊंचाई कम कर समुचित निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो आगामी सीजन में फसल को भारी नुकसान हो सकता है।