राजनांदगांव:कार-बाइक की टक्कर में दो पत्रकार घायल, कुचलने के प्रयास का आरोप…

राजनांदगांव। शहर के सनसिटी क्षेत्र में देर रात कार और बाइक की टक्कर में दो पत्रकार घायल हो गए। हादसे में एक पत्रकार के पैर में गंभीर चोट आई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद कार चालक पर पत्रकारों को कथित तौर पर कुचलने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है। मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है।

जानकारी के अनुसार, एक कार्यक्रम की कवरेज के बाद पत्रकार योगेश साहू और सौरभ ताम्रकार बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सनसिटी क्षेत्र के पास तेज रफ्तार सफेद रंग की ब्रेजा कार (क्रमांक CG 04 NE 1199) से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों घायल हो गए, जबकि सौरभ ताम्रकार के पैर में गंभीर चोट आई।

घटना के बाद पत्रकारों का आरोप है कि जब उन्होंने कार चालक का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड करने का प्रयास किया, तब चालक ने कार से कई बार उनकी ओर वाहन बढ़ाकर कुचलने की कोशिश की। इस दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार तेज गति से एक पत्रकार की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है और वह जान बचाने के लिए दौड़ता नजर आता है।

हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता तथा घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पीड़ित पत्रकारों ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करा दी है। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है और वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।