राजनांदगांव:कोतवाली पुलिस की सराहनीय पहल : गुम हुई सोने की चैन और स्कूटी ढूंढकर मालिकों को लौटाई…

राजनांदगांव। कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर गुम हुई सोने की चैन और टीवीएस जुपिटर स्कूटी को ढूंढ निकाला और उनके वास्तविक मालिकों को सुरक्षित सुपुर्द किया। पुलिस की इस पहल से आवेदक-आवेदिका बेहद खुश हुए और स्टाफ की प्रशंसा की।

जानकारी के अनुसार, श्रीमती योगेश्वरी साहू निवासी नंदई चौक, वार्ड नं. 40, बसंतपुर ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 सितम्बर को जय स्तंभ चौक स्थित त्रिपदा फैशन स्टोर में कपड़ा खरीदते समय उनकी कीमती सोने की चैन (मूल्य 2 लाख रुपये) गुम हो गई। मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कपड़ा चेंजिंग रूम के पास चैन गिरकर मैट के नीचे छिपी मिली। चैन को सुरक्षित निकालकर आवेदिका को सौंपा गया।

वहीं, राजा पारख, निवासी अनुपम नगर ने सूचना दी थी कि लगभग तीन माह पहले उनकी नीले रंग की टीवीएस जुपिटर स्कूटी (सीजी 08 एयू 0318) शहर में कहीं खड़ी करने के बाद गुम हो गई थी। पुलिस ने शहर के प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और स्कूटी को कलेक्ट्रेट परिसर के पास से बरामद कर सुरक्षित सुपुर्द किया।

सोने की चैन और स्कूटी मिल जाने पर दोनों ने कोतवाली पुलिस का आभार व्यक्त किया और त्वरित कार्यवाही की प्रशंसा की।

इस पूरी कार्रवाई में प्र0आर0 संदीप चौहान, आरक्षक प्रयंश सिंह, रंजीत चौरसिया, प्रदीप जायसवाल और श्रीनिवास राव की सराहनीय भूमिका रही।