
राजनांदगांव। संवाददाता — रूपेन्द्र साहू
जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर ग्राम फुलझर स्थित न्यू लोक बायोडीजल कंपनी से लगातार जहरीला काला धुआं उड़ने से क्षेत्र के ग्रामीणों का जीना दूभर हो गया है। फैक्ट्री से निकल रही तेज बदबू और काले राखड़ के कारण आसपास के गांवों का वातावरण पूरी तरह बिगड़ गया है।
फैक्ट्री के समीप के किसान कुबेर दास साहू ने बताया कि कंपनी को चालू हुए लगभग चार महीने हो चुके हैं। उनके खेत में बोई गई धान की फसल पूरी तरह काली पड़ चुकी है, जिससे यह चिंता बढ़ गई है कि सोसाइटी उनकी फसल खरीदेगी भी या नहीं। खेतों पर काले राखड़ की परत जमने से अब खेती करना भी कठिन हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री से निकलने वाला धुआं और दुर्गंध इतनी अधिक है कि आसपास रहना मुश्किल हो गया है। गांव के कई किसानों ने बताया कि अब वे खेतों में काम नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि बदबू और धुएं से स्वास्थ्य पर भी असर पड़ने लगा है।

इस संबंध में ग्राम फुलझर के पूर्व सरपंच एवं भाजपा नेता हरिशंकर देशमुख ने कहा कि “अब हमें फैक्ट्री के कारण गांव में रहना दुश्वार हो गया है। बदबू और धुएं से सांस लेना मुश्किल है, कहीं ऐसा न हो कि हमें गांव ही छोड़ना पड़ जाए।”
वहीं क्षेत्रीय जनपद सदस्य मोहनीश धनकर ने भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि “कंपनी के सामने मुख्य मार्ग पर फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा वाहनों की लंबी कतारें लगा दी जाती हैं, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। साथ ही फैक्ट्री के धुएं और दुर्गंध से लोगों के स्वास्थ्य पर बेहद बुरा असर पड़ रहा है।”
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या का तुरंत समाधान किया जाए, ताकि किसानों की फसलें, आमजन का स्वास्थ्य और गांव का पर्यावरण सुरक्षित रह सके।









































