राजनांदगांव : अंतरराज्यीय शराब तस्करी पर बड़ा प्रहार, 29 पेटी अंग्रेजी शराब जप्त…

राजनांदगांव। अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में मध्यप्रदेश निर्मित 29 पेटी अंग्रेजी शराब जप्त की है। कुल 260.8 बल्क लीटर शराब की कीमत 3,02,610 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा परिवहन में प्रयुक्त दो चारपहिया वाहन भी जप्त किए गए हैं। जप्त वाहनों सहित कुल संपत्ति की कीमत लगभग 18 लाख रुपये बताई गई है।

Advertisements


पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो और एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में यह संयुक्त कार्रवाई की गई। अभियान में साइबर सेल, थाना बागनदी एवं थाना डोंगरगढ़ की टीम शामिल रही।

17 फरवरी को साइबर सेल एवं थाना बागनदी की संयुक्त टीम ने बागनदी चौक के पास एक सफेद रंग की Hyundai i20 कार से 25 पेटी मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब (228 बल्क लीटर) जप्त की, जिसकी कीमत 2,82,630 रुपये है। इस मामले में तोषण ठाकुर (30 वर्ष) एवं अनुराग सिंह राजपूत (32 वर्ष), दोनों निवासी कोटा, रायपुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 06/26 के तहत धारा 34(2) एवं 36 आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

डोंगरगढ़ पुलिस ने देवकट्टा-खैरागढ़ मुख्य मार्ग पर एक काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन से 4 पेटी गोवा अंग्रेजी शराब (32.04 बल्क लीटर) जप्त की, जिसकी कीमत 19,980 रुपये है। इस प्रकरण में प्रहलाद निर्मलकर (22 वर्ष), नोहर वर्मा (24 वर्ष), लाकेश कंवर (21 वर्ष) एवं दामेंद्र कुमार साहू (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।


पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में शराब मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ में अवैध बिक्री के उद्देश्य से लाई जा रही थी। प्रकरण में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।