
राजनांदगांव। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर आंवला नवमी (अक्षय नवमी) का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राजनांदगांव में कान्यकुब्ज महिला मंडल एवं सनातन धर्म महिला मंडल द्वारा अवस्थी निवास में विशेष आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने आंवले के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिक्रमा की तथा भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी का स्मरण करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर आंवले के वृक्ष के नीचे सामूहिक भोजन की परंपरा भी निभाई गई।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आंवला नवमी के दिन पूजा-पाठ और दान-पुण्य करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। आयोजन के दौरान महिलाओं में पर्व को लेकर विशेष उत्साह और भक्तिभाव देखने को मिला। दोनों महिला मंडलों की सदस्यों ने मिलकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व मनाया।










































