back to top

राजनांदगांव : असीस कौर के गीतों से गूंजेगा म्युनिसिपल स्कूल मैदान…

विजयादशमी महोत्सव को लेकर छत्तीसगढ़ जनमहोत्सव समिति की बैठक सम्पन्न, एआई आतिशबाजी रहेगा आकर्षण

Advertisements

राजनांदगांव। विजयादशमी पर्व के अवसर पर इस वर्ष भी म्युनिसिपल स्कूल मैदान में भव्य आयोजन होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ जनमहोत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में इस बार बॉलीवुड की प्रसिद्ध गायिका असीस कौर अपनी प्रस्तुति देंगी।

आयोजन को लेकर समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें तैयारियों पर चर्चा हुई और पिछले अनुभवों के आधार पर आयोजन को और भव्य बनाने के सुझाव दिए गए। समिति अध्यक्ष सौरभ कोठारी ने बताया कि यह आयोजन का 18वां वर्ष है और इस बार विशेष आकर्षण रहेगा।

उन्होंने कहा कि बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस पर्व को धूमधाम से मनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में असीस कौर अपनी मनमोहक आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी। असीस कौर ने “बोलना”, “वे माही”, “आंख लड़ जावे”, “मखना” और “इश्क में” जैसे हिट गीतों से अपनी खास पहचान बनाई है। इसके अलावा उन्होंने सूफी, गुरबानी और भक्ति संगीत में भी अपनी अलग छाप छोड़ी है।

आयोजन में मुंबई की आतिशबाजी टीम भी आ रही है, जो इस बार एआई तकनीक आधारित आकाशीय आतिशबाजी का प्रदर्शन करेगी। वहीं लगभग 61 फीट ऊंचा रावण दहन दर्शकों का मुख्य आकर्षण रहेगा।

मीडिया प्रभारी विनय बिंदल, अजय सोनी, रघु शर्मा और मुकेश शर्मा ने बताया कि इस वर्ष भी दर्शकों की सुविधा के लिए आमंत्रण पत्र और नि:शुल्क पास वितरित किए जाएंगे। भीड़ प्रबंधन के लिए पास पर गेट नंबर अंकित किए जाएंगे और फैमिली पास से परिवार को साथ प्रवेश मिलेगा। सुरक्षा की दृष्टि से मैदान और प्रवेश द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही इस बार कुर्सियों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है।

विजयादशमी महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुति, एआई आतिशबाजी और भव्य रावण दहन दर्शकों को एक अविस्मरणीय अनुभव देने के लिए तैयार है।

Advertisements

You cannot copy content of this page