back to top

राजनांदगांव: आयकर नियमों की जानकारी के साथ व्यापारी संगठनों ने दिखाई एकजुटता…

आयकर नियमों की जानकारी के साथ व्यापारी संगठनों ने दिखाई एकजुटता

Advertisements

CAIT एवं आयकर विभाग की संयुक्त कार्यशाला में जिलेभर के व्यापारिक संगठनों की सहभागिता

राजनांदगांव। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) एवं आयकर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयकर संबंधी जागरूकता एवं मार्गदर्शन को लेकर विशेष कार्यशाला का आयोजन होटल पंचशील प्राइम, स्टेशन रोड में किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यशाला में व्यापारियों को आयकर नियमों, प्रावधानों एवं उनसे जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्रदान की गई तथा व्यापारियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रवीण डी. मेश्राम, आयकर अधिकारी-1, राजनांदगांव थे। विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश एच. लाल, हरीश सांखला, बृजकिशोर सुरजन एवं सीए राजेश बाफना उपस्थित रहे। मंच पर CAIT के प्रदेश संरक्षक अनिल बरडिया, जिला अध्यक्ष राजू डागा, कोषाध्यक्ष भावेश अग्रवाल, शरद अग्रवाल, हंसमुख भाई रायचा, सुरेंद्र गोयल एवं नेमीचंद देवगन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

पुष्पगुच्छ, दुपट्टा एवं स्मृति चिन्ह से सम्मान

कार्यक्रम में सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं दुपट्टा पहनाकर आत्मीय अभिनंदन किया गया। अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिले के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों का भी स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया गया।

स्वदेशी जागरण मंच ने किया सम्मान

कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारी राजकुमार शर्मा एवं अनिमेष राय ने CAIT के पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह/प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मान किया। और कहा कि कैट परिवार का सदैव साथ मिलता है। इस अवसर पर व्यापारिक संगठनों एवं सामाजिक संगठनों के बीच आपसी सहयोग, समन्वय एवं राष्ट्रहित में मिलकर कार्य करने की भावना को भी बल मिला।

व्यापारियों के लिए उपयोगी रहा आयकर मार्गदर्शन

मुख्य अतिथि प्रवीण डी. मेश्राम ने व्यापारियों को आयकर से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान समय में व्यापारियों के लिए नियमों की सही जानकारी रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने व्यापारियों की जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का समाधान करते हुए आयकर संबंधी विषयों को सरल तरीके से समझाया।

कार्यशाला में व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आयकर से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न किए। अधिकारियों एवं विशेषज्ञों द्वारा उनके प्रश्नों का समाधान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करना भी रहा।

जिलेभर के व्यापारिक संगठन हुए शामिल

कार्यक्रम में जिले के लगभग सभी प्रमुख व्यापारिक संगठनों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। इनमें सर्राफा संगठन, फल-सब्जी संघ, राइस मिल एसोसिएशन, पोहा-मुरमुरा संगठन, होटल-हवाई संघ, किराना व्यापारी संघ, रिटेल कपड़ा संघ, मेडिकल संघ, लघु उद्योग संघ, दाल मिल एसोसिएशन, जनरल मर्चेंट एसोसिएशन, कॉपी-पुस्तक विक्रेता संघ, पत्रकार संघ, बस ऑपरेटर संघ, कन्फेक्शनरी संघ, टैक्स बार अधिवक्ता संघ एवं सीए एसोसिएशन सहित अन्य संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

सभी संगठनों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को व्यापारी एकता एवं संगठन की मजबूती का स्वरूप प्रदान किया। CAIT की ओर से सभी व्यापारिक संगठनों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में इनका रहा सहयोग

कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रकाश कांकरिया, अशोक पांडे, संजय तेजवानी, रोहित मखीजा, अमित खंडेलवाल, राहुल जायसवाल व प्रतीक अग्रवाल सहित CAIT के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन CAIT जिला मीडिया प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने किया। अपने सहज एवं प्रभावी संचालन से उन्होंने पूरे कार्यक्रम को क्रमबद्ध एवं जीवंत बनाए रखा। कार्यक्रम के अंत में संजय तेजवानी ने आभार प्रदर्शन किया।

कार्यशाला के माध्यम से CAIT ने व्यापारियों के बीच जागरूकता, संगठन एवं आपसी समन्वय को मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों की व्यापक सहभागिता ने यह संदेश दिया कि संगठित एवं जागरूक व्यापारी ही मजबूत व्यापारिक व्यवस्था की आधारशिला हैं।

Advertisements

You cannot copy content of this page