राजनांदगांव : उधार की रकम मांगने गए आरक्षक से मारपीट का मामला सामने आया है। आरक्षक से इतनी बुरी तरह मारपीट की गई कि उसका एक पैर फ्रैक्चर हो गया है। पीड़ित आरक्षक ने लालबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के मुताबिक वायरलैस शाखा में पदस्थ आरक्षक पुरषोत्तम शर्मा से अटल आवास में रहने वाले विनोद सोनकर ने एक लाख रुपए उधार लिया था। जान पहचान के चलते आरक्षक शर्मा ने उसे एक लाख रुपए उधार दे दिया। लेकिन इसके बाद से विनोद रकम लौटाने में आनाकानी कर रहा था। शनिवार की देर शाम आरक्षक पुरषोत्तम अपनी रकम मांगने विनोद के घर पहुंचा। जिसे देख विनोद भड़क गया और गाली गलौज शुरु कर दी। इसके बाद विनोद ने घर में रखे लाठी से पुरषोत्तम पर हमला कर दिया।
आरक्षक की जमकर पिटाई की, जिसमें आरक्षक का एक पैर फ्रैक्चर हो गया है। लालबाग टीआई राजेश साहू ने बताया कि आरक्षक ने मामले की लिखित शिकायत की है, जिसकी जांच शुरु कर दी गई है। इधर विनोद सोनकर ने भी थाने पहुंचकर आरक्षक की शिकायत की है। मामले की विवेचना की जा रही है।
source bhaskar.com










































